Home छत्तीसगढ़ बीएसपी कर्मचारी तपन कुमार चक्रबर्ती का सफलता की ओर एक और कदम: बॉलीवुड...

बीएसपी कर्मचारी तपन कुमार चक्रबर्ती का सफलता की ओर एक और कदम: बॉलीवुड में नए गीत की रिकॉर्डिंग

234
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

 

भिलाई इस्पात संयंत्र में विगत 34 वर्षों से अपनी सेवा देने वाले श्री तपन कुमार चक्रबर्ती इंस्ट्रुमेंटेशन विभाग में कार्यरत हैं, जो एक प्रतिष्ठित, अनुभवी कलाकार और पार्श्व गायक हैं। कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ वे संगीत के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं और अपनी आवाज़ से दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान बना चुके हैं। तपन ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से न केवल अपने शहर भिलाई, बल्कि पूरे भारत में अपनी पहचान बनाई है। वे विभिन्न शहरों में अपनी सुमधुर आवाज से श्रोताओं का दिल जीत चुके हैं और कई पुरस्कारों से सम्मानित भी हो चुके हैं।

श्री तपन कुमार ने हिंदी, बांग्ला और अन्य भाषाओँ में गायन किया है। इसके साथ ही, वे कई संगीत प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भी भूमिका निभा चुके हैं। उनके संगीत सफर में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ जुड़ी हुई हैं, जो उनकी कला और संगीत के प्रति प्रेम को दर्शाती हैं। बीएसपी में कार्यरत रहते हुए, संगीत के प्रति उनके समर्पण ने ही उन्हें व्यापक पहचान दिलाई है, और वे भारतीय संगीत जगत के एक प्रतिष्ठित कलाकार के रूप में उभरे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य के प्रसिद्ध गायक तपन कुमार चक्रबर्ती ने हाल ही में मुंबई में एक म्यूजिक एल्बम ‘जोगिया’ में बतौर पार्श्व गायक अपना गीत रिकॉर्ड किया है। इस एल्बम में तपन के साथ बॉलीवुड की गायिका पामेला जैन ने भी अपनी आवाज़ दी है। यह एक कर्णप्रिय गीत है जिसे बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार राजेश शर्मा ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल गीतकार शहाबुद्दीन अलवी ने लिखे हैं। यह गीत अब विभिन्न ऑडियो प्लेटफार्मों पर उपलब्ध है, और इसका वीडियो फॉर्मेट होली तक रिलीज होने की संभावना है।

इसके अतिरिक्त, तपन कुमार चक्रबर्ती ने हाल ही में बॉलीवुड की एक बड़ी फिल्म के लिए सुप्रसिद्ध गायक दिव्य कुमार (स्त्री-2 फेम) के साथ एक युगल गीत रिकॉर्ड किया है। इस गीत को भी राजेश शर्मा ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल गीतकार रंधीर सिंह ने लिखे हैं।

तपन कुमार चक्रबर्ती ने अपने संगीत के सफर में इस मुकाम तक पहुँचने के लिए कई वर्षों तक कठिन संघर्ष किया है। हार के बावजूद, उन्होंने अपनी जीत की तमन्ना दिल में रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने की राह अपनाई और अपनी आवाज़ से लोगों को परिचित कराते रहे। इस प्रक्रिया में उनकी आवाज़ बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार राजेश शर्मा तक पहुँची। राजेश शर्मा ने तपन की प्रतिभा को कई तरीकों से परखा और पूरी तरह से आशवस्त होने के बाद उन्हें मुंबई आने का निमंत्रण दिया। ‘जोगिया’ एल्बम में तपन के गाए गीत से प्रभावित होकर, राजेश शर्मा ने तपन को दिव्य कुमार के साथ एक बड़ी फिल्म में गीत रिकॉर्ड करने का अवसर प्रदान किया।

तपन कुमार चक्रबर्ती की सफलता ने अंचल के रसिक श्रोताओं को बेहद प्रभावित किया है और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं। आने वाले दिनों में तपन बॉलीवुड के अन्य गीतों में भी अपनी आवाज़ देने वाले हैं और उनके संगीत सफर में यह एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।