Home छत्तीसगढ़ भिलाई इस्पात संयंत्र ने स्नेह संपदा विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए...

भिलाई इस्पात संयंत्र ने स्नेह संपदा विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए नए शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया

61
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र ने निगमित सामाजिक गतिविधियों के तहत 15 फरवरी 2025 को स्नेह संपदा विद्यालय में एक नवनिर्मित शैक्षणिक भवन विद्यालय प्रबंधन को हस्तांतरित किया। कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने इस नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में चार सुसज्जित कक्षाएँ और भवन के दोनों ओर दो ऐसे शौचालय हैं जिन्हें मानसिक रूप से अक्षम बच्चों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इन शौचालयों में कम ऊँचाई पर शीशे और वॉशबेसिन, ग्रैब रेल और व्हीलचेयर हेतु सुलभता जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।

नव-निर्मित समावेशी कक्षाएँ मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगी और उनके लिए एक सहयोगात्मक शिक्षण वातावरण तैयार करेगी, जिससे उन्हें अपनी गति और शैली के अनुसार सीखने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर स्नेह संपदा विद्यालय की संस्थापक श्रीमती पुष्पा शिर्के, मुख्य महाप्रबंधक (टीएसडी एवं सीएसआर) श्री उत्पल दत्ता, महाप्रबंधक (टीएसडी) श्री विष्णु के पाठक,  महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन नायर, महाप्रबंधक (टीएसडी-शिक्षा) श्रीमती शिखा दुबे, महाप्रबंधक (टीएसडी-उद्यानिकी) डॉ. एन.के. जैन, उप महाप्रबंधक (ईडी एचआर सचिवालय) श्री राजीव कुमार, सहायक महाप्रबंधक (टाउन सर्विसेस) श्री अभिषेक झा, उप प्रबंधक (सीएसआर) श्री के के वर्मा सहित विद्यालय के कर्मचारी, छात्र-छात्राएं व उनके पालकगण और सीएसआर तथा टीएसडी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि अक्षम बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए बहुत साहस, धैर्य और समर्पण की आवश्यकता होती है। श्री कुमार ने कहा कि मुझे यह जानकर अत्यंत खुशी हो रही है कि हम इस संस्थान की सहायता कर सके, जो मानसिक रूप से अक्षम बच्चों की जरूरतों को पूरा करता है। स्थापना काल से ही सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र, स्नेह संपदा विद्यालय का सहयोग करता आ रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। श्री कुमार ने विद्यालय के छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की और सभी से अपील की कि वे अक्षम बच्चों को हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करें, ताकि वे समाज में स्वयं को औरों से अलग महसूस न करें।

मुख्य महाप्रबंधक (टीएसडी एवं सीएसआर) श्री उत्पल दत्ता ने कहा कि जब से वे सेल-बीएसपी में शामिल हुए और भिलाई में रहने लगे, तब से उन्होंने स्नेह संपदा विद्यालय को मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए बहुत ही सराहनीय कार्य करते देखा है, जिन्हें हमारे प्रेम, समर्थन और सहयोग की विशेष आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि नगर सेवाएं विभाग उनके भविष्य के प्रयासों में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

इस कार्यक्रम के प्रारंभ में स्नेह संपदा विद्यालय की संस्थापक श्रीमती पुष्पा शिर्के ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए विद्यालय के इतिहास और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, “मैं स्नेह संपदा विद्यालय के लिए सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के सहयोग हेतु हृदय से आभारी हूँ, जो 1991 से विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करता आया है।

सहायक महाप्रबंधक (सीएमएम) व स्नेह संपदा विद्यालय के स्वयंसेवक श्री संदीप गुप्ता ने विद्यालय की वर्तमान गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय के छात्रों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण की शुरुआत और आगामी फिजियोथेरेपी केंद्र के बारे में भी बताया, जिसे सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर विभाग, बीएसपी-ऑफिसर्स एजुकेशन और वेलफेयर ट्रस्ट तथा सेवा फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित किया जाएगा।

उप प्रबंधक (टीएसडी) श्री सुखदेव सोनवानी ने नवनिर्मित शैक्षिक भवन के उद्घाटन समारोह का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह उल्लेखनीय है कि सेक्टर-8, भिलाई में स्थित स्नेह संपदा विद्यालय, मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के कल्याण के लिए समर्पित है। इस विद्यालय की स्थापना 1 नवंबर 1991 को की गई थी जिसका उद्देश्य इन बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में समान दर्जा उपलब्ध करना है। अगस्त 1994 में भिलाई इस्पात संयंत्र ने सेक्टर 8 में स्थित एक पुराने विश्राम गृह को लीज पर इस विद्यालय की स्थापना के लिए दिया था। विद्यालय में शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण, शारीरिक शिक्षा, योग, खेलकूद और दैनिक जीवन के कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस विद्यालय के बच्चों ने ओलंपिक में भाग लेकर पदक जीतने में भी सफलता प्राप्त की हैं। यह विद्यालय, बच्चों के अभिभावकों को भी उनका बच्चों का समर्थन व उत्तम परवरिष करने के लिए प्रशिक्षित करता है।