Home छत्तीसगढ़ कार्यस्थल सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु ठेका कर्मचारियों के लिए अंतर-विभागीय सुरक्षा...

कार्यस्थल सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु ठेका कर्मचारियों के लिए अंतर-विभागीय सुरक्षा प्रतियोगिताएँ

62
0
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (2)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.59 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.01 AM

कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने और कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, आयरन जोन द्वारा विभिन्न विभागों के ठेका कर्मचारियों (कांट्रेक्ट वर्कर्स) के लिए, अंतर-विभागीय सुरक्षा प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इस आयोजन में सिंटरिंग प्लांट्स, ओएचपी, पीबीएस, कोक ओवन, एलडीसीपी और ब्लास्ट फर्नेस आदि विभिन्न विभाग शामिल थे। यह पहल, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई। 28 फरवरी 2025 को एचआरडीसी हॉल में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कुल 18 पुरस्कारों का वितरण किया गया। यह प्रतियोगिता 25 से 27 फरवरी, 2025 तक श्री तापस दासगुप्ता के नेतृत्व और देख-रेख में आयोजित की गई। आगामी समय में इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ स्टील जोन और मिल्स जोन में भी आयोजित की जाएंगी।

अपने संबोधन में श्री राकेश कुमार ने सुरक्षा अभ्यासों में अतिरिक्त प्रयास करने के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “थोड़ा सा अतिरिक्त पसीना बहाकर, हम आँसू या खून की एक बूंद भी गिरने से बचा सकते हैं।” उन्होंने सभी से 360 डिग्री निगरानी रखने और किसी भी असुरक्षित कार्य प्रथाओं के बारे में सम्बंधित अधिकारियों और वरिष्ठ प्रबंधन को सूचित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, हाउसकीपिंग और दैनिक कार्यों में तकनीकी अनुशासन से शून्य दुर्घटना बनाये रखने में मदद मिलेगी और यह कदम हमे अंततः खुशहाली की ओर ले जायेगा।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न सुरक्षा पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कई श्रेणियाँ रखी गईं थी, जिनमें सुरक्षा गीत/कविता प्रतियोगिता, सुरक्षा नाटक प्रतियोगिता, अग्निशमन दक्षता प्रतियोगिता, टूलबॉक्स टॉक प्रतियोगिता, सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता और फुल बॉडी हार्नेस दक्षता प्रतियोगिता शामिल थीं। इन सभी श्रेणियों में ठेका कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूकता फ़ैलाने अपनी सजगता को व्यक्त किया।

28 फरवरी 2025 को एचआरडीसी हॉल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कुल 18 पुरस्कारों का वितरण किया गया। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभागों के मुख्य महाप्रबंधकगण और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में विभिन्न एजेंसियों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की और इसे सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम माना। प्रतिभागी विभागों में सिंटरिंग प्लांट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक पुरस्कार प्राप्त किए, इसके बाद ब्लास्ट फर्नेस का स्थान रहा। सुरक्षा नाटक प्रतियोगिता में सिंटरिंग प्लांट्स की टीम ने अपने छह ठेका कर्मचारियों के समूह के साथ “सुरक्षा बाबा” नाटक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्लास्ट फर्नेस टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सीओ-सीसीडी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में, सिंटरिंग प्लांट्स की टीमों ने पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्लास्ट फर्नेस विभाग ने इसमें तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन एक पैनल द्वारा किया गया, जिसमे महाप्रबंधक (सीपीडी) श्री आर सोनटके, महाप्रबंधक (इस्ट्रूमेंट) सुश्री सिम्मी गोस्वामी, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) सुश्री बोन्या मुखर्जी, महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम) सुश्री अनुपमा कुमारी, और महाप्रबंधक (एसईडी) श्री एस के महतो शामिल थे।

अपने स्वागत भाषण में श्री तापस दास गुप्ता ने सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने और ठेका कर्मचारियों के बड़े समुदाय के बीच सुरक्षा संदेश फैलाने की महत्ता पर जोर दिया। समापन समरोह में मुख्य महाप्रबंधक (एसपी) श्री अनूप कुमार दत्ता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया तथा कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (पीपीसी) श्रीमती नीना राठौर ने किया।