Home छत्तीसगढ़ संयंत्र द्वारा महिला ठेका श्रमिकों हेतु महिला दिवस का आयोजन

संयंत्र द्वारा महिला ठेका श्रमिकों हेतु महिला दिवस का आयोजन

92
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संयंत्र में कार्यरत महिला ठेका श्रमिकों हेतु अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन 12 मार्च 2024 को मानव संसाधन विकास केन्द्र में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के कौशल और समर्पण को सम्मानित करना तथा महिलाओं को सषक्त बनने प्रोत्साहित करना और उत्थान के लिए प्रयास करना था। कार्यक्रम में 120 महिला ठेका श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचारों की अभिव्यक्ति दी।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन-वर्क्स) श्री सुरज कुमार सोनी विषेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इसके साथ ही मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण ने आयोजन में भाग लिया।

मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अपने आप में सक्षम हैं और आपको किसी से अपनी तुलना करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं, हर क्षेत्र में महिलाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा अपनी प्रतिभा और मेहनत से एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने सभी महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कार्यस्थल पर सुरक्षा पर केन्द्रित सत्र का आयोजन महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस द्वारा किया गया। श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने महिला श्रमिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यस्थल पर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके उपरांत, महिला श्रमिकों हेतु विभिन्न रोचक गेम्स और मनोरंजक क्विज का आयोजन किया गया, जिसके विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती प्रियंका मीना और उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री शालिनी चौरसिया द्वारा किया गया। महिला ठेका श्रमिकों ने इस आयोजन हेतु संयंत्र प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और इसे एक प्रेरणादायी अनुभव बताया, जहां उनके कार्यस्थल पर उनके योगदान को सम्मानित किया गया। महिला ठेका श्रमिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी देकर कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।