डीएनवीए इंटरनेशनल कंपनी द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), माना में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में कुल 55 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। संयुक्त संचालक एवं प्राचार्य श्री पी. ईडपाचे के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में प्लेसमेंट अधिकारी श्री प्रवीण डडसेना एवं श्रीमती नेहा वर्मा की सहभागिता रही।
माना, गुंडरदेही, पुसौर, मेघा, गौरेला, डौंडी-लोहारा एवं नारी सहित विभिन्न स्थानों से वेल्डर, फिटर एवं डीजल मैकेनिक ट्रेड के प्रशिक्षणार्थी कैंप में शामिल हुए। साथ ही अनुभवी एवं फ्रेशर अभ्यर्थियों के साथ-साथ डिप्लोमा विद्यार्थियों ने भी चयन प्रक्रिया में भाग लिया।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर, कार्य की प्रकृति एवं आवश्यक योग्यताओं की जानकारी दी। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं तकनीकी दक्षता का आंकलन किया गया।
प्लेसमेंट कैंप का उद्देश्य आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उद्योगों की आवश्यकतानुसार कुशल मानव संसाधन का चयन करना रहा। कैंप में विभिन्न स्थानों से आए प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





