Home छत्तीसगढ़ तिल्दा में विधानसभा स्तरीय सेवा संकल्प शिविर, 13,869 हितग्राहियों को मिला योजनाओं...

तिल्दा में विधानसभा स्तरीय सेवा संकल्प शिविर, 13,869 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

15
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

एक ही मंच पर अधिकार अभिलेख, प्रमाण-पत्र, पीएम आवास सहित विभिन्न योजनाओं के हितलाभ का वितरण

सर्जिकल स्ट्राइक’ थीम पर धान से बनी 17×17 फीट की रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र, विद्यार्थियों ने किया ‘नमो सेवा की अनकही कहनिया’ का मंचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आम नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के लिए तिल्दा नगर स्थित बीएनबी स्कूल परिसर में विधानसभा स्तरीय सेवा संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 13,869 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल थे तथा अध्यक्षता नगर पालिका तिल्दा की अध्यक्ष चंद्रकला खुमान वर्मा ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य. स्वाति वर्मा एवं शैल महेंद्र साहू, सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल सहित नगर पालिका के पार्षद एवं एल्डरमैन, मंडल अध्यक्ष एवं सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंचगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक ही स्थान पर मिली अनेक विभागों की सेवाएं

शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मंच के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी नागरिकों को दी।

सेवा संकल्प शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 13,869 हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितलाभ, प्रोजेक्ट अजा के तहत चाबी सहित विभिन्न उपकरण, चेक एवं किट प्रदान किए गए। एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हुई।

धान से बनी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की रंगोली ने खींचा ध्यान

सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना भी कार्यक्रम में देखने को मिली। स्कूल की छात्राओं ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ थीम पर धान से 17×17 फीट आकार की आकर्षक रंगोली तैयार की। छात्राओं की इस कलाकृति की अतिथियों एवं नागरिकों ने सराहना की।

कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा ‘नमो सेवा की अनकही कहानिया’ नाटक का मंचन भी किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से शासन की योजनाएं सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं और नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तिल्दा मुकेश कोठारी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि कुमार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अभिताभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।