Home विदेश नमाज के दौरान ब्लास्ट से 56 नमाजियों की मौत ,190 से ज्यादा...

नमाज के दौरान ब्लास्ट से 56 नमाजियों की मौत ,190 से ज्यादा लोग घायल

205
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

इस्लामाबाद । पाकिस्तान के पेशावर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान फिदायीन हमला हुआ। ब्लास्ट में​ 56 नमाजियों की मौत हो गई। 190 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 10 की हालत गंभीर है। ये विस्फोट पेशावर के कोचा रिसालदार इलाके में किस्सा ख्वानी बाजार की एक शिया मस्जिद में हुआ। हमले के वक्त मस्जिद में करीब 150 लोग मौजूद थे।

पेशावर पुलिस के मुताबिक शहर के किस्सा ख्वानी बाजार में दो हमलावरों ने मस्जिद में घुसने की कोशिश की। रोकने पर उन्होंने वहां खड़े पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक हमलावर भी मारा गया। फायरिंग में एक दूसरा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच अकेला बचा हमलावर मस्जिद में घुस गया और उसने खुद को उड़ा लिया।

रेस्क्यू टीम ने घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अपनी मोटरसाइकिल और कारों में लादकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता का कहना है कि कई घायलों की हालत बेहद गंभीर है।

हमले के दौरान वहां मौजूद एक चश्मदीद ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि एक हमलावर काले कपड़े पहने था। वह मस्जिद के मेन हॉल में घुस गया और खुद को उड़ा लिया। इसके बाद हर जगह लाशें और घायल लोग ही पड़े थे। हॉल नमाजियों से भरा हुआ था।

भीड़-भाड़ वाले इलाके में मस्जिद होने की वजह से रेस्क्यू टीम को यहां पर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस वजह से लोग घायल नमाजियों को मोटरसाइकिल से अस्पताल ले गए।

प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस हमले की निंदा करते हुए घायलों को फौरन मेडिकल फेसिलिटीज मुहैया कराने की बात कही है। इमरान ने संबंधित अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट भी मांगी है।