Home देश असम के 10 जिलों में गंभीर बाढ़, करीब 31 हजार लोग जलमग्न...

असम के 10 जिलों में गंभीर बाढ़, करीब 31 हजार लोग जलमग्न क्षेत्र में रहने को विवश

128
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

गुवाहाटी। पूर्वोत्तरराज्य असम में मंगलवार को बाढ़ के हालात गंभीर स्थिति में हैं। यहां राज्य के 10 जिलों में अब भी करीब 31हजार लोग जलमग्न क्षेत्र में रहने को विवश हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है और असम के अनेक जिलों में अगले पांच दिन तक बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी के गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष मौसम बुलेटिन में सोमवार से 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया जिसके बाद अगले दो दिन तक ऑरेंज अलर्ट और बृहस्पतिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता होती है, वहीं ऑरेंज अलर्ट कार्रवाई के लिए तैयार रहने और येलो अलर्ट निगरानी रखने और सतर्क रहने के लिए होता है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार चिरांग, दर्रांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, कोकराझार, लखीमपुर, नलबाड़ी, सोनितपुर और उदलगुड़ी जिलों में बाढ़ के कारण 30,700 से अधिक लोग प्रभावित हैं। सबसे बुरी तरह प्रभावित जिला लखीमपुर है जहां 22,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन राज्य के 7 जिलों में 25 राहत वितरण केंद्र चला रहा है, लेकिन अभी तक कोई राहत शिविर शुरू नहीं हुआ है। इस समय राज्य के 444 गांव जलमग्न हैं और फसल बर्बाद हो गयी है। कई जिलों में बड़े स्तर पर भूक्षरण भी हुआ है। दीमा हसाओ, कामरूप महानगर और करीमगंज में कुछ जगहों पर भारी बारिश की वजह से भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं।