Home छत्तीसगढ़ जेसीएसएसआई द्वारा आयोजित राष्ट्र स्तरीय सुरक्षा प्रतियोगिताओं में बीएसपी कार्मिकों का उत्कृष्ट...

जेसीएसएसआई द्वारा आयोजित राष्ट्र स्तरीय सुरक्षा प्रतियोगिताओं में बीएसपी कार्मिकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

49
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

इस्पात उद्योग में सुरक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जॉइंट कमिटी ऑन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट इन स्टील इंडस्ट्री (जेसीएसएसआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार अर्जित किए। इस्पात संयंत्र से कुल 29 प्रतिभागियों ने तीनों श्रेणियों में भाग लिया, जिनमें से 11 कार्मिकों ने पुरस्कार जीत कर बीएसपी का नाम रौशन किया, जिनमें 2 प्रथम, 5 द्वितीय, 3 तृतीय एवं 1 ओवरऑल पुरस्कार शामिल हैं।

प्रतिवर्ष जेसीएसएसआई द्वारा सुरक्षा से सम्बंधित विभिन्न प्रतियोजिताओं सुरक्षा निबंध, कैलेंडर एवं पोस्टर प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाता है। गत वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के इस्पात उद्योगों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता और कौशल के माध्यम से कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता फैलाने के साथ-साथ उद्योग में सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण को सुदृढ़ बनाने में इस्पात उद्योगों की भूमिका को रेखांकित किया।

प्रतियोगिताएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की गई थीं। पुरस्कार विजेताओं में ऑटोमेशन एवं डिजिटाइजेशन विभाग की इंजीनियरिंग एसोसिएट सुश्री रश्मि नायक ने सुरक्षा निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कोक ओवन विभाग के श्री प्रभु चरण जेना ने सुरक्षा पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। इसी प्रकार मार्स-1 के श्री रंजन गोस्वामी ने पोस्टर वर्ग में ‘ओवरऑल बेस्ट’ पुरस्कार जीता।

एसएमएस-2 के उप महाप्रबंधक श्री शिशिर कुमार महापात्रा और टी एंड डी विभाग के श्री हरीश कुमार गोंड़ को कैलेंडर प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार, एसएमएस-2 के श्री रंजीत कुमार और यूआरएम के श्री सतीश कुमार भारद्वाज को पोस्टर प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार तथा एसएमएस-2 की सुश्री प्रियंका राज गुप्ता को निबंध प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीँ यूआरएम के श्री पी.जी.एस. सुंदर मोहन नायक, श्री सौभाग्य रंजन साहू और ब्लास्ट फर्नेस के श्री हेमन्त कुमार वर्मा ने निबंध प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।

मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) श्री देबदत्त सतपथी ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1973 में गठित “जॉइंट कमिटी ऑन सेफ्टी, हेल्थ एंड एनवायरनमेंट इन स्टील इंडस्ट्री” (जेसीएसएसआई) इस्पात उद्योग में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाली द्विपक्षीय राष्ट्रीय समिति है। देश के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की 22 इस्पात इकाइयाँ इस समिति का हिस्सा हैं। इसमें सेल के सभी इस्पात संयंत्रों सहित टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, आरआईएनएल-विशाखापट्टनम जैसी प्रतिष्ठित इस्पात कंपनियां शामिल हैं।