Home छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण व...

रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण व बार एसोसिएशन सदस्यगण के मध्य मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया

45
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा अपनी रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में उच्च न्यायालय के बेंच और बार के बीच सौहार्द्रपूर्ण संबंधों को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज 6 सितम्बर को एक मैत्रीपूर्ण टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला माननीय न्यायाधीशगण इलेवन और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों के बीच शनिवार को बहतराई इंडोर स्टेडियम बिलासपुर में आयोजित किया गया।

मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा द्वारा सकारात्मक एवं दूरदर्शिता पूर्ण दृष्टिकोण के साथ बार एवं बेंच के रिश्ते को और मजबूत एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपरोक्त मैच के आयोजन हेतु निर्देशित किया गया था। मैच के दौरान सर्वप्रथम माननीय श्री मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा के द्वारा उभय पक्ष के खिलाड़ियों से औपचारिक परिचय लिया गया। न्यायाधीश इलेवन के द्वारा टॉस जीतने के पश्चात् पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया तथा पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 215 रन बनाकर जीत के लिये 216 रन का लक्ष्य उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ को दिया। जिसके जवाब में उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ कुल 111 रन बनाकर आउट हो गए। इस प्रकार मैच की विजेता टीम न्यायाधीश इलेवन रही ।

न्यायाधीश इलेवन की ओर से बैटिंग करते हुए माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने अपनी पारी में 08 बॉल में 28 रन बनाकर रंग जमा दिए तथा बॉलिंग के दौरान भी उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन करते हुए 06 विकेट प्राप्त किए। माननीय मुख्य न्यायाधीश के हरफनमौला प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसी प्रकार 16 बॉल में 49 रन बनाने पर माननीय श्री न्यायाधीश राकेश मोहन पाण्डेय को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ के खिताब से नवाजा गया। बेस्ट फील्डर का खिताब, माननीय श्री न्यायाधीश रविन्द्र अग्रवाल को दिया गया, जिन्होंने विकेटकीपिंग करते हुए दो कैच पकड़े थे। बेस्ट बॉलर का खिताब माननीय श्री न्यायाधीश सचिन सिंह राजपूत एवं माननीय श्री न्यायाधीश अरविन्द वर्मा को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त न्यायाधीश इलेवन की ओर से माननीय श्री न्यायाधीश नरेन्द्र कुमार व्यास, माननीय श्री न्यायाधीश नरेश कुमार चन्द्रवंशी, माननीय श्री न्यायाधीश दीपक कुमार तिवारी, माननीय श्री न्यायाधीश संजय कुमार जायसवाल, माननीय श्री न्यायाधीश वी.डी. गुरु, माननीय श्री न्यायाधीश अमितेन्द्र किशोर प्रसाद के द्वारा शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया गया। न्यायाधीश इलेवन को विजेता ट्राफी माननीय श्रीमती न्यायाधीश रजनी दूबे के द्वारा प्रदान किया गया एवं मैन ऑफ दी मैच ट्राफी माननीय श्री न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल एवं माननीय श्री न्यायाधीश पार्थ प्रतीम साहू के द्वारा प्रदान किया गया।

इसी प्रकार अधिवक्ता इलेवन की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन कर 02 विकेट प्राप्त कर एवं अच्छा क्षेत्र रक्षण करने पर कप्तान श्री वरूण मिश्रा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अधिवक्ता इलेवन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सुनील ओटवानी एवं श्री मतीन सिद्दकी, श्री गौतम खेत्रपाल एवं अन्य के द्वारा मैत्री मैच में उत्कृष्ट खेल भावना प्रकट करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया गया।

मैच के समापन समारोह में माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा मुख्य न्यायाधीश के द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि मैत्री मैच में जीत-हार का कोई मायने नहीं होता है। दोनों ही पक्ष विजेता होते हैं। मैत्री मैच का आयोजन बार एवं बेंच के संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ बेहतर तालमेल एवं आपसी समझ स्थापित करता है। मैत्री मैच मनोरंजन एवं आनंद का एक अच्छा स्रोत है जिससे शरीर व मन दोनो को लाभ प्राप्त होता है। मैच सद्भावनापूर्ण एवं रोमांचक रहा, जिसके लिए दोनों ही पक्ष बधाई के पात्र हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समस्त माननीय न्यायाधीशगण एवं उनके पारिवारिक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण, रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के अधिकारीगण, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण, उच्च न्यायालय के कर्मचारीगण की उपस्थिति रही।