Home छत्तीसगढ़ गजमार पहाड़ी बनेगा इको पार्क: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किए...

गजमार पहाड़ी बनेगा इको पार्क: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किए 8 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन

48
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायगढ़ जिले की ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ी गजमार पहाड़ी अब आधुनिक स्वरूप में इको पार्क और इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित होगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज 08 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर पवनपुत्र हनुमान जी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

परियोजना के तहत गजमार पहाड़ी पर योग प्लेटफॉर्म, वॉच टॉवर, पाँच पगोड़ा, बच्चों के लिए खेल परिसर, कैंटीन और इको पार्क जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएंगी।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि यह केवल धार्मिक स्थल का जीर्णाेद्धार नहीं, बल्कि रायगढ़ के सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ी रायगढ़ की शान है और इसका विकास शहर को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें। उन्होंने युवाओं को नवगुरुकुल योजना का लाभ उठाने की अपील की, जिसके तहत छात्राएं दो वर्षीय प्रशिक्षण लेकर कौशल विकास कर बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकेंगी।

रायगढ़ नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि लंबे समय से नागरिकों की मांग थी कि गजमार मंदिर का जीर्णाेद्धार हो, जिसे वित्त मंत्री श्री चौधरी के प्रयासों से साकार रूप मिला है। उन्होंने इसे स्थानीय जनसुविधा और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, महापौर परिषद के सदस्य श्री कौशलेष मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर श्री प्रभात मिश्रा, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे।

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आश्वासन दिया कि गजमार पहाड़ी विकास कार्य पूरी ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने हनुमान जी की भव्य मूर्ति निर्माण के लिए जनसहयोग का आह्वान करते हुए स्वयं 5 लाख रुपये का व्यक्तिगत योगदान देने की घोषणा की। साथ ही बालसमुंद तालाब का सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, पार्किंग सुविधा और रिंग रोड जैसी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के अंत में श्री चौधरी ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।