Home छत्तीसगढ़ भिलाई का गौरव : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हर्ष गोहिया

भिलाई का गौरव : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हर्ष गोहिया

77
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

भिलाई के होनहार युवा लेफ्टिनेंट श्री हर्ष गोहिया का भारतीय सेना में कमीशन होना न केवल उनके परिवार के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे भिलाई नगर और सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र बिरादरी के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है। यह “माटी के लाल” की कहानी है, जो दृढ़ संकल्प, अनुशासन और देशभक्ति की उन मूल्यों को जीवंत करती है, जिन पर भारतीय सशस्त्र सेनाओं की पहचान टिकी है।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) 2 परीक्षा 2023 में सफलता पाकर हर्ष ने ऑल इंडिया रैंक (आईआर) 187 हासिल की। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में प्रवेश मिला, जहां उन्होंने कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। 6 सितंबर 2025 को वे औपचारिक रूप से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन हुए। यह गौरवशाली क्षण दूरदर्शन (डीडी नैशनल) पर सीधा प्रसारित हुआ, जिसे पूरे देश ने गर्व के साथ देखा।

हर्ष गोहिया की यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र की परंपरा और संस्कारों से भी गहराई से जुड़ी है। उनके पिता बीएसपी के पी एंड बीएस विभाग के कर्मचारी श्री. सत्य कुमार गोहिया, माता गृहिणी श्रीमती. मिथिलेश गोहिया, तथा बहन एचपी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर दीक्षा गोहिया उनके संबल रहे हैं। हर्ष की शैक्षिक जड़ें भिलाई इस्पात संयंत्र के शैक्षणिक संस्थानों—बीएसपी स्कूल, सेक्टर-2 और बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल-10 से जुड़ी रही हैं, जिन्होंने उनके अनुशासन और प्रतिबद्धता की नींव रखी।

अपने शब्दों में हर्ष ने परिवार, मार्गदर्शकों, शुभचिंतकों और भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि उनका भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन होना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि साहस, अनुशासन और सेवा परमो धर्म के संकल्प का प्रतीक है।

भिलाई और सेल-बीएसपी के लिए यह सफलता औद्योगिक नगरी के उस विकासोन्मुख वातावरण का परिचायक है जो राष्ट्रीय सेवा और उत्कृष्टता की भावना को संवारता है। समग्र बीएसपी बिरादरी ने लेफ्टिनेंट हर्ष गोहिया को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और राष्ट्र-सेवा में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की है। हर्ष की यह यात्रा भिलाई के उन असंख्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो भारतीय सेना की वर्दी पहनने और मातृभूमि की सेवा करने का सपना देखते हैं।