Home छत्तीसगढ़ संयंत्र के संविदा कर्मियों द्वारा सुरक्षा पर अभिनव नाट्य प्रस्तुति

संयंत्र के संविदा कर्मियों द्वारा सुरक्षा पर अभिनव नाट्य प्रस्तुति

35
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन में दिनांक 6 सितंबर, 2025 को मानव संसाधन विकास भवन में सुरक्षा नाट्य समारोह प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार की अनुशंसा पर तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) श्री देवदत्त सतपथी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित करना था।

इस कार्यक्रम में ठेका श्रमिक साथियों ने आकर्षक नाट्य और कविता गायन प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, सयंत्र के विभिन्न विभागों के सुरक्षा अधिकारियों, संविदा श्रमिकों एवं आमंत्रित जनों की गरिमामय उपस्थिति रही I

असुरक्षित परिस्थिति और कार्यों को लाएं संज्ञान में

संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने संविदा कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सजगता और सतर्कता से कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। यदि कार्यस्थल पर कोई सुरक्षा उल्लंघन या असुरक्षित परिस्थिति दिखाई दे तो इसे विनम्रतापूर्वक मना कर दीजिए, आप पर कोई दबाव नहीं बना सकता हैं। यदि असुरक्षित स्थिति को समय रहते संज्ञान में लाया जाए तो दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस वर्ष हुई दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गैलरी सहित अन्य बातों को संज्ञान में लाया जाता तो यह सब घटनाएं रोकी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि संयंत्र की प्रथम पंक्ति पर कार्यरत ठेका श्रमिकों के सहयोग, जागरूकता और जिम्मेदारी से ही सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित होगी।

दुर्घटना से देर भली

ई.डी. (वर्क्स) श्री राकेश कुमार ने संयंत्र में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण कार्य के दौरान जल्दबाजी करना है। उन्होंने कहा कि “दुर्घटना से देर भली” — यदि कार्य में देरी हो रही हो तो उसे अपने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मान लीजिए, न कि कार्य को हड़बड़ी में कर जोखिम उठाएँ। थोड़ा समय बचाने के लिए की गई जल्दबाजी न केवल दुर्घटना का कारण बनती है, बल्कि संयंत्र और संबंधित व्यक्ति दोनों के लिए गंभीर नुकसान का कारण बन सकती है। श्री राकेश कुमार ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता दें और अपने परिवार की भलाई को सर्वोपरि मानते हुए जिम्मेदारी से कार्य करें।

ऊंचाई पर कार्य और कन्वेयर बेल्ट सुरक्षा पर प्रस्तुति

ठेका श्रमिकों ने इस नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जहां पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन की टीम ने ऊंचाई पर कार्य उसमें शामिल खतरों पर प्रस्तुति दी वहीं कोक ओवन की टीम ने कन्वेयर बेल्ट सुरक्षा पर आकर्षक नाटिका का मंचन किया। इसके साथ-साथ मर्चेंट मिल के श्री मुरलीधर और पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन के सुलेमान खान ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अंतर्गत 02 टीमों पी. बी. एस. और कोक ओवन और कोल केमिकल डिपार्टमेंट के संविदा श्रमिकों ने इस आयोजन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया वहीं मर्चेंट मिल के साथी ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुति के लिए महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) श्री एस के अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा) श्री एस के सुनोव द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र मानिकपुरी ने किया। सुरक्षा विभाग के श्री अजय टल्लू, श्री अजय गोने, श्री वेंकटपति राजू एवं श्री अखिल मिश्रा सहायक प्रबंधक ने कार्यक्रम के आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई।