Home छत्तीसगढ़ 28 नवम्बर तक गणना फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का शत-प्रतिशत काम...

28 नवम्बर तक गणना फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का शत-प्रतिशत काम पूर्ण करने वाले हर विधानसभा क्षेत्र के प्रथम तीन बीएलओ को किया जाएगा पुरस्कृत

35
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिए जाएंगे पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र के साथ दी जाएगी पांच हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि

रायपुर, 25 नवम्बर 2025

भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) पूरे प्रदेश में व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस पुनरीक्षण अभियान के सुचारू क्रियान्वयन में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट एवं समयबद्ध कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र के साथ पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जहाँ किसी भी भाग संख्या पर 800 या उससे अधिक पंजीकृत मतदाता हैं, वहाँ 28 नवम्बर 2025 तक गणना फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले प्रथम तीन बीएलओ को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अंतर्गत राज्य के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से तीन-तीन बीएलओ यानि कुल 270 बीएलओ को 25 जनवरी 2026 को आगामी राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार के लिए चयनित बीएलओ को प्रशस्ति पत्र के साथ पांच हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

बीएलओ के चयन एवं अनुशंसा की प्रक्रिया संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। ईआरओ द्वारा अनुशंसित बीएलओ ही पुरस्कार के लिए पात्र माने जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री यशवंत कुमार ने सभी कलेक्टरों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पुरस्कार के लिए पात्र बीएलओ की पहचान, चयन एवं पुरस्कार वितरण से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बीएलओ को पुरस्कृत करने की तैयारियाँ पूर्ण करें।