Home छत्तीसगढ़ विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ पर हमला, आरोपी गिरफ्तार- दुर्ग जिला...

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ पर हमला, आरोपी गिरफ्तार- दुर्ग जिला प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई

43
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने पुलिस को दिए कड़े निर्देश

छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ने की जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना, सौंपा धन्यवाद ज्ञापन

रायपुर, 26 नवंबर 2025

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पर हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
25 नवंबर 2025 को विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाई नगर के बूथ क्रमांक 117 में कार्यरत बीएलओ श्री रूपेश कुमार पर आरोपी जावेद हुसैन ने शराब के नशे में अनायास हमला कर दिया। यह हमला राष्ट्रीय महत्व के शासकीय कार्य मंि बाधा उत्पन्न करने वाला पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने घायल बीएलओ को तत्काल सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में उनका उपचार जिला अस्पताल दुर्ग में किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह अस्पताल पहुंचकर श्री रूपेश जोशी से मुलाकात की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी/सिविल सर्जन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुलिस को सभी क्षेत्रों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग हेतु आदेश दिए। बीएलओ श्री रूपेश की स्वास्थ्य स्थिति अब सामान्य है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल बीएलओ कार्य से मुक्त किया गया और उनके स्थान पर अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई। जिले में समस्त बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश पुलिस को प्रदान किए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। फेडरेशन ने आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक एसआईआर जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी बीएलओ और निर्वाचन कार्य में लगे शिक्षकों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें और किसी भी बहकावे में न आएं।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त बैठक कर बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी थाना प्रभारी के मोबाईल नंबर बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्र क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। बीएलओ को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके और तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा सके।
जिला कार्यालय दुर्ग में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक झा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 65 भिलाई नगर श्रीमती योगिता देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री हितेश पिस्दा तथा शिक्षक फेडरेशन के जिला पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार वर्मा, श्री चेतन सिंह परिहार, श्री उत्तम ठाकुर एवं श्री सतीश चंद्राकर उपस्थित रहे।