Home छत्तीसगढ़ रामलला एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन हेतु बिलासपुर संभाग के 850 तीर्थयात्री...

रामलला एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन हेतु बिलासपुर संभाग के 850 तीर्थयात्री भारत गौरव स्पेशल ट्रेन से अयोध्याधाम रवाना

47
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रामलला दर्शन योजना के तहत सैंतीस हजार से अधिक 

श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

रायपुर, 03 दिसंबर 2025

राज्य सरकार की रामलला दर्शन योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव स्पेशल ट्रेन बिलासपुर संभाग के समस्त जिलों के 850 तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस यात्रा के दौरान यात्रियों को वाराणसी में काशी विश्वनाथ जी के दर्शन का लाभ भी मिलेगा। भारत गौरव स्पेशल ट्रेन को बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर बिलासपुर श्रीमती पूजा विधानी एवं सुश्री हर्षिता पांडे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्पेशल ट्रेन के रवाना होने के पूर्व अतिथियों  ने तीर्थयात्रियों का फूलमालाओं से स्वागत व अभिनंदन किया।

ट्रेन रवाना होने के अवसर पर बिलासपुर स्टेशन पर श्रद्धालुओं के बीच भक्ति का अनोखा माहौल था, जहां जय श्री राम के नारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा था। यात्रियों का जोश देखते ही बन रहा था, हर कोई रामलला के दर्शन की अभिलाषा में मग्न था। रामलला एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन लाभ होने की आकांक्षा से यात्रियों के मन में अपार खुशी का भाव था।  श्रद्धालुओं नें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल को इस यात्रा हेतु धन्यवाद दिया।

श्रद्धालु जत्थे में शामिल बिलासपुर निवासी श्रीमती कमला बाई ने कहा, कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना सराहनीय है, जिससे हम जैसे गरीब श्रद्धालुओं को रामलला दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इसी तरह मुंगेली के युवा तीर्थयात्री श्री रमेश साहू ने कहा, मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यह योजना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, हम सदैव आभारी रहेंगे।

पूरी यात्रा राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क आयोजित है, जिसमें यात्रियों के रहने, खाने एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क की गई है। यह योजना अपने आप में अनूठी है, जिसमें श्रद्धालुओं को रामलला एवं काशी विश्वनाथ दर्शन कराकर राज्य सरकार एक बेटे का कर्तव्य निभा रही है।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, आईआरसीटीसी एवं समाज कल्याण के अधिकारी-कर्मचारी भी तीर्थयात्रियों की सहायता हेतु तत्पर दिखे।