Home छत्तीसगढ़ भिलाई इस्पात संयंत्र में विश्व हिंदी दिवस का आयोजन

भिलाई इस्पात संयंत्र में विश्व हिंदी दिवस का आयोजन

56
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के राजभाषा विभाग द्वारा दिनांक 10 जनवरी, 2026 को विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) सभागार में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), श्री पवन कुमार उपस्थित थे व विशिष्ठ अतिथि के तौर पर महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर उपस्थित रहे।

समारोह में ऑनलाइन माध्यम से संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारीगण, मुख्य महाप्रबंधकगण, समस्त विभाग प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारीगण, विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी एवं हिंदी सेवी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन)  श्री पवन कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी ने पुस्तक भेंट कर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथि का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर हिंदी भाषा, भारतीय प्राचीन गौरवशाली पद्धतियों, ज्ञान परंपरा एवं विश्व को भारत के योगदान विषयक पोस्टर का विमोचन मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन, जनसंपर्क एवं प्रभारी राजभाषा) श्री राजीव कुमार ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र ने हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में सदैव सकारात्मक एवं अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से भविष्य में भी हिंदी के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ अर्जित की जाएंगी तथा सभी से आह्वान किया कि भिलाई इस्पात संयंत्र में हिंदी की गरिमा एवं प्रतिष्ठा को निरंतर उच्च स्तर पर बनाए रखने हेतु अपना सक्रिय योगदान देते रहें।

मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी में संवाद एवं कार्यालयीन कार्य करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को हिंदी का प्रयोग आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए तथा हिंदी को राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़ाकर वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। आमंत्रित कवियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई–दुर्ग के सदस्य संस्थानों में अनेक प्रतिभाशाली साहित्यकार एवं कवि हैं, जिन्हें मंच प्रदान करना संयंत्र की प्राथमिकताओं में शामिल है।

समारोह के दौरान हिंदी भाषा पर केंद्रित काव्य पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें आमंत्रित कवियों के रूप में इंजीनियरिंग एसोसिएट (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) श्री विजेन्द्र कुमार वर्मा,  तकनीकी प्रशिक्षु  (सेल–शाखा विक्रय कार्यालय) सुश्री गरिमा चन्द्रा, तथा प्रबंधक (पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड- रायपुर उपकेन्द्र, कुम्हारी) डॉ. श्रुति तिवारी  ने सहभागिता की। इस अवसर पर कवियों ने हिंदी भाषा की वैश्विक व्यापकता, प्रासंगिकता एवं भावात्मक शक्ति पर केंद्रित अपनी स्वरचित कविताओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी द्वारा किया गया।