Home छत्तीसगढ़ श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का आयोजन

श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का आयोजन

46
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में सूरजपुर जिले के तिलसिंवा स्थित ऑडिटोरियम में श्रमिक जन संवाद एवं सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि प्रत्येक पात्र श्रमिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सके। सम्मेलन के माध्यम से जिले के 2,539 हितग्राहियों को कुल 99 लाख 66 हजार 627 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही महतारी जतन योजना, सियान योजना एवं नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक डेमो चेक भी वितरित किए गए।

मंत्री राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक जन संवाद केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और श्रमिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। राज्य सरकार श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों को विकास की धुरी बताते हुए मंच पर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुन्तला पोर्ते, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर एस. जयवर्धन, श्रम अधिकारी एलेन मिंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।