लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण विभाग के ईएनसी श्री वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, मुख्य अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ज्ञानेश्वर कश्यप, मुख्य अभियंता ईएंडएम जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत एवं एन.के. लाल सहित विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन द्वारा रतनपुर से कबीर चौरा तक निर्मित की जा रही सड़क का अवलोकन किया। लगभग 510 करोड़ रुपये की लागत से 97 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने पर बिलासपुर, रतनपुर, कोटा, पेंड्रा और गौरेला क्षेत्र के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।







