Home रायपुर 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 0-5 वर्ष के बच्चों को...

28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 0-5 वर्ष के बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

29
0
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (2)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM (1)
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.59 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.48.58 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.00 AM
WhatsApp Image 2026-08-15 at 7.49.01 AM

रायपुर, 26 जून 2026। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर 28 जून 2026 को पूरे रायपुर जिले में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निकटतम बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं।

भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस से ग्रसित बच्चे पाए गए हैं। इससे देश में पोलियो संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसी खतरे को देखते हुए 0 से 5 वर्ष के बच्चों को प्रतिरक्षित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत जिले के समस्त ग्रामों एवं वार्डों में कुल 1381 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर 04 टीकाकर्मी दो टीमों में बंटकर बच्चों को दवा पिलाएंगे। बूथों की मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक 05 बूथ पर एक सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है।

यदि कोई बच्चा 28 जून को बूथ पर दवा पीने से छूट जाता है तो 29 एवं 30 जून को घर-घर भ्रमण कर ऐसे बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। पूरे अभियान की निगरानी एवं मॉनिटरिंग जिला मुख्यालय के अधिकारी व कर्मचारी करेंगे।

रायपुर जिले में 3,45,373 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। अभियान की सभी आवश्यक तैयारियां जैसे पोलियो मार्कर पेन, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, प्रशिक्षण, ओरल पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता जिले के सभी विकासखण्डों एवं शहरी क्षेत्र में पूरी कर ली गई है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के मार्गदर्शन में अभियान का संचालन किया जा रहा है। यह जानकारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी ने दी।

राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, मितानिन, महिला आरोग्य समिति का सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही आइस पैक जमाने के लिए सिलेस्ट्री आइसक्रीम फैक्ट्री तथा कैप्स फूड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भी सक्रिय सहयोग दिया जा रहा है।

जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी पालकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बूथ में ले जाकर पोलियो रोधी दवा पिलाकर उन्हें पोलियो वायरस से सुरक्षित करें।