Home राजनीति हीरापुर–जरवाय–अटारी में सड़क, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

हीरापुर–जरवाय–अटारी में सड़क, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

17
0
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक बस्ती और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के रूप में दिखाई दे रहा है। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, उद्यान, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। विकास की इसी सतत श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए रविवार को ग्राम जरवाय स्थित प्रेरणा ब्लाइंड स्कूल परिसर में लोक निर्माण विभाग, नगर पालिक निगम रायपुर तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत एवं नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने संयुक्त रूप से लोक निर्माण विभाग द्वारा ₹4.11 करोड़ की लागत से हीरापुर–जरवाय–अटारी क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के निर्माण, नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद से लगभग ₹1.40 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विकास की नई पहचान बन रहा है रायपुर पश्चिम
विधायक राजेश मूणत के प्रयासों से रायपुर पश्चिम विधानसभा आज तेजी से विकास की नई पहचान स्थापित कर रही है। क्षेत्र में केवल सड़क और नाली निर्माण तक ही विकास सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा सुविधाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण तथा आधुनिक शहरी अधोसंरचना के निर्माण पर समान रूप से कार्य किया जा रहा है।
विधानसभा क्षेत्र में नालंदा परिसर युवाओं के लिए अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का आधुनिक केंद्र बन चुका है, जबकि नालंदा परिसर फेस-2 का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। इसी प्रकार महादेव कॉरिडोर का निर्माण क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई प्रदान करेगा। आधुनिक महतारी सदन तैयार होकर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जा चुका है, वहीं मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
इसी क्रम में विभिन्न उद्यानों के उन्नयन, सामुदायिक भवनों, सड़क चौड़ीकरण, पुल-पुलियों, पेयजल व्यवस्था, सीसी रोड, नाली निर्माण एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य लगातार स्वीकृत होकर धरातल पर उतर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम का विकास किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। हमारा संकल्प है कि विधानसभा का प्रत्येक वार्ड समान रूप से विकास का लाभ प्राप्त करे।
उन्होंने कहा कि वीर सावरकर वार्ड में अब तक लगभग ₹73 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए जा चुके हैं, जिनमें करीब ₹65 करोड़ की लागत से दो महत्वपूर्ण ब्रिजों का निर्माण तथा नगर निगम द्वारा लगभग ₹9 करोड़ के विकास कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लगभग ₹80 लाख के अन्य कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं।
 मूणत ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाता। जनप्रतिनिधि का दायित्व प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। चाहे सड़क हो, स्वास्थ्य सुविधा हो, शिक्षा का विस्तार हो या आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण—हर क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है, उनके पूर्ण होने से हीरापुर, जरवाय एवं अटारी क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएँ तथा आधुनिक नागरिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी।
 मूणत ने कहा कि आने वाले समय में भी रायपुर पश्चिम विधानसभा में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएँ धरातल पर उतरेंगी और विधानसभा को प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर पालिक निगम रायपुर शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक श्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन एवं राज्य सरकार के सहयोग से रायपुर पश्चिम विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है। अधोसंरचना, सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज जिन विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ है, वे क्षेत्र के हजारों परिवारों के जीवन को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाएंगे। नगर निगम सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में विधायक राजेश मूणत ने कहा कि “रायपुर पश्चिम केवल विकास की बातें नहीं करता, बल्कि विकास को धरातल पर उतारकर जनता के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य करता है। आने वाले वर्षों में भी विधानसभा क्षेत्र में विकास का यह अभियान और अधिक गति के साथ जारी रहेगा तथा प्रत्येक नागरिक तक विकास की रोशनी पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।”