रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में ₹671.62 लाख की लागत से आंतरिक चतुर्दिक सड़क निर्माण कार्य तथा माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 में ₹110.59 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कुल ₹782.21 लाख की लागत से प्रारंभ होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन एवं आधुनिक नागरिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मुणत, नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों को वर्षों पुरानी आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित नागरिकों ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद महादेव घाट–रायपुरा एवं माधव राव सप्रे वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।







