Home रायपुर महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 8,9,10 के कार्यों की विस्तृत...

महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 8,9,10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

4
0

रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने नगर पालिक निगम जोन 8, 9, 10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठकों में विभिन्न वार्डों की जनसुविधाओं, विकास कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, जलभराव, अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए इनकी बिंदुवार गहन समीक्षा करते हुए सम्बंधित जोन अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।

नगर निगम जोन 8 की समीक्षा बैठक में महापौर मीनल चौबे ने विस्तृत जानकारी लेकर पार्षदो से चर्चा कर कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कार्यों की कछुआ छाप गति पर गहन नाराजगी व्यक्त की एवं अधिकारियों को जनहित से संबंधित कार्यों को तत्काल गतिमान करने एवं जनसमस्याओं का वार्ड पार्षदो के साथ समन्वय रखकर कार्य करते हुए वार्डो में त्वरित निदान करवाकर वार्डवासियों को राहत दिलवाने के कडे निर्देश दिये है।

नगर निगम जोन क्रमांक 9 की समीक्षा बैठक में महापौर मीनल चौबे को वार्ड पार्षदों द्वारा वार्ड क्रमांक 8 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नालों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के कारण प्रभावित हो रही जल निकासी व्यवस्था से सम्बंधित विषयों के सम्बन्ध में अवगत करवाया गया। वार्ड पार्षदों ने महापौर को बताया कि पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नियमों के विपरीत नालों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण किए जाने से जल निकासी बाधित हो रही है, जिसके कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है और नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर मीनल चौबे को समीक्षा बैठक में वार्ड पार्षदों ने अवगत कराया कि संबंधित जोन अधिकारियों एवं अभियंताओं द्वारा समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के चलते ऐसे अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिला है। इस पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नालों पर किए गए प्रत्येक अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दोषी कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

समीक्षा बैठक में रीबाउंस बिल्डिंग के समीप निर्माणाधीन टिन शेड का मामला भी प्रमुखता से उठाया

गया। समीक्षा बैठक में वार्ड पार्षदों ने महापौर को बताया कि निर्माण लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण होने के बाद

नगर पालिक निगम द्वारा ध्वस्तीकरण करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई थी, किंतु आंशिक ध्वस्तीकरण के पश्चात नगर निगम मुख्यालय स्तर से कार्रवाई रोक दी गई। इस पर महापौर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कोई निर्माण अवैध है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई अधूरी नहीं छोड़ी जा सकती। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने संबंधित जोन अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार शेष कार्रवाई तत्काल पूर्ण करने तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक हस्तक्षेप किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किए जाने के निर्देश दिए।

 

नगर निगम जोन 10 की समीक्षा बैठक में महापौर द्वारा जलभराव एवं पेयजल संबंधी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। वार्ड पार्षदों ने देवपुरी स्कूल परिसर एवं वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर के समीप वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इन स्थलों पर स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।

 

महापौर ने समीक्षा बैठक में काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान के लिए पुलिया निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किये जाने पर तत्काल जियो टैगिंग एवं तकनीकी सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

महापौर श्रीमती मीनल चौबे द्वारा समीक्षा बैठक में अधिकारियों को महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स एवं काली नहर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु लगभग 18 लाख रूपये की स्वीकृत लागत से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।

संतोषी नगर मुख्य मार्ग स्थित शुभम के मार्ट के पास नालों में की गई अवैध छेड़छाड़ के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही संतोषी पारा एवं विशाल नगर गार्डन क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जोन अधिकारियों ने जानकारी दी कि जोन क्रमांक-10 में वर्तमान में पेयजल संबंधी कोई गंभीर समस्या नहीं है तथा क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था संतोषजनक है।

 

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां नालों में अवैध छेड़‌छाड़ की गई है, वहां तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा जोन के सभी चिन्हित जलभराव स्थलों का अधिकतम दो सप्ताह के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 

अवैध अतिक्रमण के संबंध में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने निर्देशित किया है कि संबंधित अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार तीन नोटिस जारी करने के उपरांत तत्काल कार्रवाई की जाए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई की प्राथमिकता मुख्य मार्गों, उसके बाद अधिक पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों तथा तत्पश्चात अन्य स्थानों पर निर्धारित की जाए, जिससे यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा प्रभावित न हो।

 

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर में अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण, जल निकासी व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कठोर कार्रवाई करेगा। महापौर ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों की अनदेखी अथवा अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा, सुरक्षित जल निकासी व्यवस्था तथा व्यवस्थित शहरी विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे द्वारा ली गयी समीक्षा बैठक में नगर निगम जोन 8 की समीक्षा बैठक में जोन अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, पार्षद सर्वश्री अमन सिंह ठाकुर, अर्जुन यादव, महेन्द्र औसर, श्री भगत राम हरवंश, जोन 8 जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल सहित अन्य जोन अधिकारीगण, नगर निगम जोन 9 में जोन 9 अध्यक्ष श्री गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य श्री खेम कुमार सेन, पार्षद श्री देवदत्त द्विवेदी, श्रीमती रेणु जयंत साहू, श्रीमती सावित्री धीवर, श्रीमती प्रभा मनोज विश्वकर्मा, श्री मोहन कुमार साहू, जोन 9 जोन कमिश्नर श्री राकेश शर्मा सहित अन्य जोन अधिकारीगण, जोन 10 में एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह, श्रीमती गायत्री नौरंगे, पार्षद श्री मनोज जांगड़े, श्री विनय प्रताप सिंह ध्रुव, जोन 10 जोन कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा सहित अन्य जोन अधिकारीगण की उपस्थिति रही.