Home रायपुर थाना गंज में “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ

थाना गंज में “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ

60
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल ज़ोन में मालखाना प्रबंधन के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि, पांचवें थाने में शुरू हुई ई-मालखाना प्रणाली

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जप्त माल के सुरक्षित, सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित प्रबंधन की दिशा में लगातार किए जा रहे नवाचार के क्रम में आज थाना गंज में “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ किया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) के करकमलों से ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया।

इसके साथ ही थाना गंज सेंट्रल ज़ोन का पांचवां थाना बन गया है, जहां ई-मालखाना प्रणाली प्रारंभ की गई है। इससे पूर्व थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा एवं देवेंद्र नगर में ई-मालखाना प्रणाली शुरू की जा चुकी है।

थाना गंज में ई-मालखाना शुरू होने के साथ ही एसीपी कोतवाली डिवीजन अंतर्गत चारों थानों—थाना कोतवाली, थाना गोलबाजार, थाना मौदहापारा एवं थाना गंज—के मालखाने अब डिजिटल हो गए हैं। इस प्रकार संपूर्ण कोतवाली डिवीजन में जप्त माल के प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एक समान, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की गई है।

 

डीसीपी सेंट्रल ज़ोन श्री तारकेश्वर पटेल एवं एडिशनल डीसीपी श्री विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सेंट्रल ज़ोन के थानों के मालखानों को चरणबद्ध रूप से डिजिटल स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंज के मालखाने में उपलब्ध जप्त सामग्री का भौतिक सत्यापन कर सामग्री की सुरक्षित पैकेजिंग एवं स्पष्ट लेबलिंग की गई तथा उसे वैज्ञानिक तरीके से रैकवाइज व्यवस्थित एवं वर्गीकृत किया गया।

प्रत्येक जप्त सामग्री के संदर्भ में यूनिक बारकोड जनरेट कर संबंधित जप्त माल एवं डाइजेस्ट पर लगाया गया, जिससे किसी भी सामग्री की पहचान एवं उसकी निर्धारित लोकेशन तक त्वरित पहुंच संभव हो सके। इसके साथ ही जप्त माल का ऑनलाइन पंजीयन एवं डेटा एंट्री की गई तथा सुपुर्दनामा, पावती एवं अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों को स्कैन कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित किया गया है।

ई-मालखाना प्रणाली से जप्त माल की पहचान, उसकी लोकेशन, जमा एवं निर्गत किए जाने संबंधी गतिविधियों की डिजिटल ट्रैकिंग आसान होगी। इससे जप्त माल की चेन ऑफ कस्टडी को अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ रखने, रिकॉर्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर डीसीपी श्री पीतांबर पटेल, एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा एवं एसीपी ट्रैफिक श्री कमलजीत पाटले सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा ई-मालखाना प्रणाली की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान थाना गंज प्रभारी निरीक्षक श्री दीपक पासवान एवं उनकी टीम द्वारा मालखाना को सुव्यवस्थित करने एवं ई-मालखाना प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले (IPS) द्वारा टीम का उत्साहवर्धन करते हुए विभागीय प्रक्रिया के तहत प्रोत्साहन स्वरूप ईनाम दिए जाने की घोषणा भी की गई।

सेंट्रल ज़ोन के पांच थानों में ई-मालखाना प्रणाली का क्रियान्वयन मालखाना प्रबंधन में तकनीकी नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस पहल का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से जप्त माल के संधारण एवं अभिलेख प्रबंधन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, त्वरित एवं विश्वसनीय बनाते हुए क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ करना है।