बस्तर में तिरंगा यात्रा के दौरान झीरम के शहीदों को नमन करने जाने के गृह मंत्री विजय शर्मा के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि विजय शर्मा जब झीरम जाये तो वहां पर शहीदों से माफी मांगे तथा झीरम नरसंहार के पाप के लिये प्रायश्चित भी करें। झीरम का नरसंहार भाजपा के शासनकाल में हुआ था। भाजपा की सरकार ने दुर्दांत नक्सल क्षेत्रों में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को सुरक्षा नहीं दिया, जिसके कारण कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर नक्सलियों ने आक्रमण किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की पूरी पीढ़ी खत्म हो गयी थी। गृह मंत्री विजय शर्मा झीरम के शहीदों को नमन करने नहीं उन शहीदों के परिजनों के घावों पर नमक छिड़कने जा रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा झीरम मामले में स्तरहीन राजनीति मत करें। हमारा उनसे सवाल है कि सुप्रीम कोर्ट ने भूपेश सरकार के समय जो एसआईटी बनी थी, दिसंबर 2023 में उस एसआईटी को झीरम की मामले की जांच करने की छूट दे गयी थी, फिर उसके बाद भाजपा की सरकार बनने के बाद विजय शर्मा खुद गृहमंत्री है क्यों उस एसआईटी में झीरम की मामले की जांच क्यों शुरू नहीं की?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा सरकार ने नक्सलियों के सर्मपण करने के दावा किया था कि ऐसे बहुत नक्सली है जो झीरम के मामले में संलिप्त थे और अपनी गिरफ्तारी दी है, सरेंडर किया है। इन समर्पित नक्सलियों से राज्य सरकार की पुलिस ने झीरम मामले की खुलासे के लिए पूछताछ क्यों नहीं किया? एसआईटी ने पूछताछ क्यों नहीं किया?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झीरम के मामले में दोषी है। भारतीय जनता पार्टी नहीं चाहती की झीरम का सच सामने आये, झीरम के शहीदों का खून का छींटा भारतीय जनता पार्टी के माथे पर है। झीरम की शहादत और झीरम का नरसंहार भारतीय जनता पार्टी की तत्कालीन सरकार के षड्यंत्र के कारण हुआ था। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को जानबूझकर सुरक्षा नहीं दी गयी थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ और कांग्रेस ने अपनी पूरी पीढ़ी को खोया।





