कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई*बैठक में विशिष्ट अतिथि पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लघुकालीन कार्ययोजना के बिंदुओं पर प्राथमिकता से शीघ्र कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया।
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने यातायात सुधार के लिए तैयार प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न प्रमुख चौराहों, सर्विस रोड, अंडरब्रिज, डिवाइडर, पार्किंग एवं अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं तथा उनके प्रस्तावित समाधान की बिंदुवार जानकारी दी।

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर सड़क, ड्रेनेज, विद्युत पोल, सर्विस रोड, डिवाइडर अथवा अन्य अधोसंरचनात्मक सुधार की आवश्यकता है, वहां यातायात पुलिस के साथ संयुक्त भ्रमण कर स्थल निरीक्षण करते हुए जल्द से जल्द निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में चिन्हांकित प्रमुख लघुकालीन कार्य
1.तेलीबांधा क्षेत्र में सर्विस रोड एवं तिराहे का सुधार –
तेलीबांधा थाना के सामने सर्विस रोड पर अस्थायी स्टॉपर के स्थान पर सीमेंट ब्लॉक से स्थायी डिवाइडर निर्माण, होटल किंग्सवे से अंडरब्रिज तक लगभग 100 मीटर सर्विस रोड जोड़ने तथा शुभम कॉर्पोरेट से तेलीबांधा थाना तिराहा तक अधूरे सर्विस रोड को पूर्ण करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे रांग साइड आवागमन एवं जाम की समस्या कम होगी।
2. संतोषी नगर एवं पचपेड़ीनाका में सर्विस रोड चौड़ीकरण-
विद्युत खंभों को व्यवस्थित/हटाकर सर्विस रोड का चौड़ीकरण एवं डामरीकरण किए जाने से अंडरपास क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की संभावना है।
3. रायपुरा अंडरब्रिज का यातायात सुधार-
अंडरब्रिज के भीतर बने फुटपाथ के कारण कम हो रही सड़क चौड़ाई को बढ़ाने तथा आसपास सर्विस रोड में स्थित विद्युत खंभों एवं ट्रांसफार्मर को हटाकर रोड चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया। इससे वाहनों की निकासी सुगम होगी और अवैध पार्किंग पर भी नियंत्रण रहेगा।
4.तेलीबांधा थाना तिराहा का ज्यामितीय सुधार-
हीरा ग्रुप आइलैंड की चौड़ाई कम कर शहर की ओर जाने वाले प्रवेश मार्ग को चौड़ा करने तथा कृष्णकुंज की ओर से आने वाले मार्ग की रेलिंग को व्यवस्थित करने का प्रस्ताव है, जिससे सिग्नल खुलने पर अधिक वाहन एक साथ निकल सकेंगे।
5. कुशालपुर अंडरब्रिज में ऊंचाई अवरोधक-
अधिक लंबाई वाले वाहनों के कारण होने वाले जाम एवं दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अंडरब्रिज के प्रवेश पर ऊंचाई अवरोधक लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।
6. तेलघानीनाका क्षेत्र के लगभग 300 गोदाम/गैरेजों का व्यवस्थित विस्थापन-
क्षेत्र में बड़ी संख्या में संचालित गैरेजों एवं मालवाहक वाहनों के कारण पीक आवर्स में यातायात दबाव बढ़ने की समस्या को देखते हुए शहर से बाहर उपयुक्त स्थान चिन्हांकित कर गोदामों के व्यवस्थित विस्थापन का प्रस्ताव रखा गया।
7. भाठागांव बाजार का विस्थापन-
भाठागांव चौक-काठाडीह मार्ग पर सड़क पर लगने वाले सब्जी बाजार के कारण उत्पन्न जाम को दूर करने के लिए निर्मित स्थायी बाजार हाट में बाजार को स्थानांतरित करने पर जोर दिया गया।
8.चंदनडीह-टाटीबंध मार्ग पर जलभराव का समाधान-
श्रीराम धर्मकांटा के सामने जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सड़क का लेवल सुधारने एवं ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई गई।
09.मरीन ड्राइव में व्यवस्थित पार्किंग- मरीन ड्राइव क्षेत्र में सड़क किनारे पार्किंग की समस्या को देखते हुए फुटपाथ क्षेत्र में रैम्प बनाकर दोपहिया पार्किंग की व्यवस्था तथा मुख्य पार्किंग क्षेत्र में कार पार्किंग को व्यवस्थित करने का प्रस्ताव रखा गया।
10.देवेन्द्र नगर अंडरब्रिज चौक में सुधार- सिटी सेंटर मॉल की ओर से आने वाले मार्ग पर आवश्यक एप्रोच रोड विकसित करने तथा स्टॉपर के स्थान पर सीमेंट ब्लॉक से स्थायी रोटरी बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
11. मोतीबाग चौक पर रोटरी एवं मार्ग विभाजक- बंजारी बाबा मजार चौक पर अस्थायी स्टॉपर के स्थान पर सीमेंट ब्लॉक से रोटरी एवं मार्ग विभाजक का स्थायी निर्माण प्रस्तावित किया गया।
12.फुंडहर चौक एवं वीआईपी रोड सुधार- फुंडहर चौक के आइलैंड को हटाकर चार लेन में यातायात निकासी के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, सड़क किनारे स्थित बड़े विद्युत/कैमरा पोल को व्यवस्थित करने तथा मार्ग विभाजक की लंबाई कम करने का प्रस्ताव रखा गया।
13. व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण एवं स्ट्रीट वेंडरों पर कार्यवाही – मालवीय रोड, बैजनाथ पारा एवं अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में फुटपाथ एवं सड़क पर अस्थायी दुकान लगाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही तथा स्थायी दुकानदारों द्वारा सड़क/फुटपाथ पर सामान फैलाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
7 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल प्रस्तावित
बैठक में द्रोणाचार्य स्कूल चौक, कमल होटल के पास चौक, अनुपम गार्डन चौक, एम्स गेट नंबर-04 के सामने चौक, मंडी गेट तिराहा, पंडरी थाना के सामने दूबे कॉलोनी तिराहा तथा व्यास तालाब तिराहा सहित 7 स्थानों पर सिग्नल व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता चिन्हांकित की गई।
15 स्थानों पर मार्ग विभाजक बनाने का प्रस्ताव
कांशीराम नगर ब्रिज के नीचे, फाफाडीह चौक, फाफाडीह-डागा पेट्रोल पंप क्रासिंग, तेलघानीनाका-स्टेशन मार्ग, सुभाष नगर चौक, जी.ई. रोड, द्रोणाचार्य स्कूल चौक, कमल विहार चौक, पीली बिल्डिंग चौक, गुढ़ियारी एक्सप्रेस-वे क्षेत्र, चिकनी मंदिर चौक, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, कंकाली पारा चौक, लाभांडी-अग्रसेनधाम मार्ग तथा राजेन्द्र नगर अंडरब्रिज के पास सर्विस रोड सहित 15 स्थानों पर मार्ग विभाजक निर्माण की आवश्यकता चिन्हांकित की गई।
बैठक का उद्देश्य शहर में यातायात के दबाव वाले स्थानों पर कम समय में व्यावहारिक एवं प्रभावी सुधार करना है, ताकि जाम, रांग साइड मूवमेंट, अवैध पार्किंग एवं दुर्घटना की संभावनाओं को कम करते हुए नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में नगर पालिक निगम रायपुर आयुक्त श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री आशीष देवांगन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती चंचल तिवारी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राम कुमार बर्मन, परियोजना निदेशक एनएचएआई श्री दिग्विजय सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री सतीश ठाकुर, श्री रमेश येरेवार, उप पुलिस अधीक्षक लाइन रायपुर ग्रामीण श्री घनेन्द्र ध्रुव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






