तीजा-पोला पर्व से पहले निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा मिलने से महिलाओं में खुशी की लहर
बड़गांव। तीजा-पोला जैसे पारंपरिक पर्वों से पहले ग्राम बड़गांव की 20 से अधिक महिलाओं के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना। योजना के तहत हितग्राही महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं गैस चूल्हे का वितरण किया गया। गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

हितग्राही महिलाओं ने कहा कि पहले खाना बनाने के लिए लकड़ी, उपले एवं अन्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे घर के भीतर धुआं फैलता था और काफी परेशानी होती थी। अब गैस चूल्हे की सुविधा मिलने से खाना बनाने में आसानी होगी और धुएं से भी राहत मिलेगी। महिलाओं ने इस सुविधा के लिए केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।







