नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों और लोक संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध जनजातीय परंपराओं और जीवंत लोक कलाओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अपार अवसर उपलब्ध हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों तथा लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।







