Home छत्तीसगढ़ भेंट मुलाकात: लोरमी विधानसभा: मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से...

भेंट मुलाकात: लोरमी विधानसभा: मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से की मुलाकात

61
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान लोरमी विधानसभा के लोरमी स्थित विश्राम गृह में विभिन्न सामाजिक संगठनों से भेंट-मुलाक़ात की। उन्होंने इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के आग्रह पर सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए राशि की स्वीकृति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों से मुलाकात के दौरान मुस्लिम समाज के भवन के लिए 20 लाख रूपए, मारवाड़ी खत्री समाज के भवन के लिए 10 लाख रूपए, डडसेना कलार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए, अधिवक्ता संघ लोरमी में लाइब्रेरी निर्माण के लिए 5 लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने लोरमी के मुक्तिधाम सेवा समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने लोरमी के मुक्तिधाम सेवा समिति को मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वनांचल में रहने वाले गरीब बच्चों के लिए छात्रावास की मांग पर पिछड़े वर्ग के लिए जिला स्तर पर छात्रावास बनाने की सहमति दी। आदिवासी समाज की ओर से रामधीन ने लोरमी में पोस्ट ग्रेजुएट छात्रावास की मांग पर मुख्यमंत्री ने सहमति देते हुए अगले बजट सत्र में शामिल करने के लिए सहमति दी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने वैष्णव समाज की मांग पर भवन निर्माण के लिए सहमति दी। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों द्वारा जमीन और भवन की मांग पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी। गंधर्व समाज  द्वारा मुख्यमंत्री से समाज की विलुप्त हो रही गड़वा बाजा परंपरा को जीवंत रखने के लिए बाजा बोर्ड गठन करने के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी। कुर्मी समाज द्वारा कोटरी महाविद्यालय का नाम सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर करने के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने सहमति प्रदान की।

मुख्यमंत्री श्री बघेल से नट समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि हमें जनजाति में शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में अनुसंधान विभाग द्वारा जांच करा कर उचित समाधान करने की बात कही। उन्होंने नट समाज के लिए मुंगेली में भवन की मांग पर सहमति दी। मुख्यमंत्री ने नाई समाज के लिए लोरमी के शिवघाट में पेयजल पूर्ति के लिए हैण्डपम्प व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मछुवा समिति द्वारा आवास निर्माण के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने सहमति प्रदान की। इसी प्रकार ईसाइ समाज के प्रतिनिधियों के आग्रह पर समाज के कब्रिस्तान में पेयजल व्यवस्था के लिए ट्यूबवेल हेतु सहमति दी।

मुख्यमंत्री को पनिका समाज के प्रतिनिधि मंडल ने पनिका समाज को जनजाति में शामिल करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। पनिका समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि हम 52 साल से जनजाति में शामिल होने के लिए प्रतीक्षारत थे। आप के सहयोग के लिए पनिका समाज आपका ऋणी है। सिक्ख समाज द्वारा लोरमी को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया गया। सिक्ख समाज की ओर से सामुदायिक भवन की मांग पर मुख्यमंत्री ने सहमति दी। इसी प्रकार सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को लोरमी के लालपुर में स्कूल और अस्पताल प्रारंभ करने के लिए धन्यवाद दिया। सतनामी समाज की ओर से प्रतिनिधि मंडल ने लोरमी में पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति एवं जनजाति 50 सीटर छात्रावास को 100 सीटर करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सतनामी समाज के अनुरोध पर प्रतिनिधि मंडल से कहा कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद आवश्यक राशि दी जाएगी। पत्रकार संघ द्वारा लोरमी को दी गई सौगात के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया गया और पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए आभार व्यक्त किया गया।