Home देश प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जा रही नाबालिग को सीआरपीएफ ने जयपुर एयरपोर्ट...

प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जा रही नाबालिग को सीआरपीएफ ने जयपुर एयरपोर्ट पर पकड़ा

124
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

जयपुर । राजस्थान में सीमा पार प्यार की एक और घटना में, अपने प्रेमी से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही 17 साल की नाबालिग लड़की को जयपुर हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। सीकर के श्रीमाधोपुर से लड़की को सीआईएसएफ जवानों ने हिरासत में लेकर एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पता चला कि लड़की लाहौर में अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी। पुलिस ने बताया लड़की दो लड़कों के साथ एयरपोर्ट पहुंची।
जब नाबालिग लड़की ने पाकिस्तान जाने के लिए टिकट मांगा तब एयरपोर्ट स्टाफ को पहले लगा कि यह मजाक है, लेकिन फिर लड़की ने उन्हें बताया कि वह पाकिस्तानी है। अपनी बुआ के साथ तीन साल पहले भारत आई थी। वह सीकर के श्रीमाधोपुर में रह रही थी। लड़की ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका बुआ से झगड़ा हो गया। इसके बाद वह शुक्रवार सुबह बस से जयपुर पहुंच गई। पुलिस ने कहा, दो लड़के बस में लड़की से मिले और उस एयरपोर्ट पर छोड़ने आए। पूछताछ में लड़कों ने खुलासा किया कि उन्होंने लड़की से बात की और एयरपोर्ट पर छोड़ने आए थे।
पूछताछ में पता चला कि करीब एक साल पहले लड़की की दोस्ती इंस्टाग्राम पर लाहौर के एक शख्स असलम लाहौरी से हुई थी। लड़की ने बताया कि मेरे स्कूल की दूसरी लड़कियों से भी असलम की दोस्ती है। अधिकारियों ने उसका मोबाइल जब्त कर उसके परिवार को सूचित कर दिया है, जो इस बात से बेखबर थे, कि उनकी लड़की किसी लड़के से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही थी। पुलिस असलम के इंस्टाग्राम अकाउंट और वह देश में कितनी लड़कियों के संपर्क में है, इसकी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है।
इस बीच झालावाड़ के एडिशनल एसपी चिंरजी लाल मीणा ने कहा कि लड़की ने खुलासा किया है कि उसके माता-पिता पाकिस्तान में हैं और वह उनके पास जाना चाहती है, लेकिन उसके पास कोई दस्तावेज नहीं है। उन्होंने कहा, लड़की को हिरासत में लेकर आगे की जांच जारी है। यह घटनाक्रम भिवाड़ी की दो बच्चों की शादीशुदा मां अंजू राफेल के हाल ही में पाकिस्तान जाने के कुछ दिनों बाद आया है, जहां उसने कथित तौर पर एक व्यक्ति से शादी कर ली, जिससे उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी।