Home अन्य छत्‍तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बढ़ेगी ठंड, गिरेगा पारा, कुछ...

छत्‍तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बढ़ेगी ठंड, गिरेगा पारा, कुछ जिलों में बारिश की संभावना

76
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही ठंड में भी थोड़ी कमी आई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही पांच व छह जनवरी को सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैं। सात जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होने के आसार हैं। इससे ठंड में बढ़ोतरी होगी।

बुधवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। हवा की दिशा बदलने की वजह से ठंड थोड़ी कम रही। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी ठंड का असर ज्यादा है। बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। सात जनवरी के बाद ही इसमें बदलाव आएगा।

छत्‍तीसगढ़ में नारायणपुर सबसे ठंडा

प्रदेश भर में नारायणपुर बुधवार को सबसे ठंडा रहा। एडब्ल्यूएस नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही रायपुर में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा।

ठंड बढ़ी लेकिन न्यूनतम तापमान ज्यादा रहा

दिसंबर महीने में इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में ठंड ज्यादा रही, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रही। दिसंबर माह में रायपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक ही गया। वहीं अंबिकापुर में भी दिसंबर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गया। अभी न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी की ही उम्मीद है।

दिसंबर माह में 10 प्रतिशत ज्यादा रही गर्म कपड़ों की बिक्री

पिछले माह दिसंबर में ठंड ज्यादा पड़ने की वजह से गर्म कपड़ों की बिक्री पिछले वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा रही। शाल व स्वेटर के साथ ही दिसंबर में कंबलों की बिक्री जबरदस्त रही। कुछ स्टालों में तो कंबल का स्टाक ही खत्म हो गया। हालांकि अभी ठंड थोड़ी कम होते ही गर्म कपड़ों के स्टालों पर लगने वाली भीड़ कम हो गई है। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड पड़ने पर कारोबार की रफ्तार बढ़ेगी। उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए उन्होंने गर्म कपड़ों पर 20 प्रतिशत की छूट भी दी है।