Home अन्य किरण सिंहदेव का सफर अब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच...

किरण सिंहदेव का सफर अब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच चुका

83
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024

रायपुर। 38 साल पहले शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में लीड करने का शुरू हुआ किरण सिंहदेव का सफर अब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंच चुका है। 17 सितंबर 1962 को सुकमा में जन्मे किरण देव राजनीति में सक्रिय होने से पहले अधिवक्ता रहे। सुकमा जमींदार परिवार के किरण सिंह देव को राजनीति विरासत में मिली। चार भाइयों में सबसे छोटे किरण ने घर पर ही अपने भाइयों को राजनीति में नेतृत्व करते बचपन से ही देखा करते थे। उन पर हिंदी की यह कहावत, ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात’ सटीक बैठती है।

संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व करने की दक्षता छात्र जीवन से ही दिखने लगी थी। अब उनका मानना है कि छत्तीसगढ़ में पिछले पांच वर्षों तक कांग्रेस ने केवल कुशासन, भ्रष्टाचार किया। अंतहीन घोटाले, विश्वासघात और विफलताओं के कारण ही जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया। अब कांग्रेस के पास न कोई नीति बची है और न ही कोई नीयत रह गई।

उनका मानना है कि अभी प्रदेश में भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार ‘मोदी की गारंटी’ को वेद वाक्य मानते हुए जुट गई है। असंभव से दिखते वादों को झटके में पूरा करने की क्षमता केवल भाजपा की ही सरकार में हैं। नईदुनिया के राज्य ब्यूरो प्रभारी संदीप तिवारी ने छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से खास बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंश –

– आसन्न लोकसभा चुनाव में बस्तर में पहले चुनाव है, यहां आपकी पार्टी पिछली बार हारी थी, इस बार कितनी चुनौती है?

इस बार बस्तर भी हम जीतेंगे। भाजपा बस्तर ही नहीं, प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों को जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, हम जीतेंगे। बस्तर की जहां तक बात है तो यहां हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का लगातार प्रवास चल रहा है। प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, महामंत्री संगठन पवन साय समेत सभी मंत्री, सांसद, विधायक लगातार दौरा कर रहे हैं। सभी वरिष्ठ नेता सक्रिय हैं। हमारे यहां प्रांत से लेकर बूथ तक की रचना है। विधानसभा चुनाव से ही हम सक्रिय है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में हम काम कर रहे हैं। उनके निर्देश पर कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कर रहे हैं।

नहीं, एक भी ऐसा कोई मामला बता दें, सभी स्वस्फूर्त पार्टी में शामिल हो रहे हैं। वास्तविकता तो यह है कि पुराने कांग्रेसियों का मोहभंग हो चुका है। इसका कारण यह है कि कांग्रेस में न नीयत है, न नेता हैं, न किसी प्रकार की विशेष योजना और न ही कोई कार्यक्रम हैं। पिछले पांच वर्ष की कांग्रेस के सरकार में भय का वातावरण निर्मित हुआ है। जिन नेताओं की अच्छी छवि है व शुद्ध मन के साथ राजनीति में काम कर रहे हैं वह कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे हैं। मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि गुण-दोष के आधार पर भाजपा में उनका समावेश हो रहा है। ऐसे नेता जो छत्तीसगढ़ की जनता की हित में सेवा करने की इच्छा रखते हैं। उनका पार्टी में आगे भी स्वागत है।

– 60 माह के भूपेश बघेल और तीन माह के विष्णुदेव साय सरकार के कामों का आकलन कैसे करते हैं?
आप स्वयं ही आकलन कर लीजिए। 60 महीने की कांग्रेस की भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को केवल भ्रष्टाचार दिया, अनाचार दिया, दुराचार दिया, अत्याचार दिया। हत्याओं का दौर चला। पांच साल तक कांग्रेस की सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को रोककर रखा। कई कल्याणकारी योजनाएं जो कि जन-जन तक पहुंचनी थी, उनको हितग्राहियों तक पहुंचाने से रोका। भाजपा ने जनता को वचन दिया कि मोदी की गारंटी पर काम करेंगे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही 18 लाख गरीब परिवारों के लिए मकान बनाने की स्वीकृति प्रदान की। महतारी वंदन योजना में हमने महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये भेजना शुरू कर दिया। किसानों से धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदी शुरू हो गई। केंद्र सरकार की मोदी सरकार की समर्थन मूल्य की राशि किसानों को पहले ही मिल गई थी, अब अंतर की राशि विष्णुदेव साय सरकार ने दे दी। कांग्रेस ने किसानों के बकाया बोनस की राशि देने की बात की थी मगर नहीं दिया, हमने बकाया बोनस की राशि भी दी।

– इतने कम समय में ही आप कांग्रेस के कामों का मूल्यांकन अपनी सरकार से कैसे कर सकते हैं?
कांग्रेस की भूपेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र में 36 वादे किए थे, किसी को भी पूरा नहीं किया। युवाओं, महिलाओं और किसानों समेत सभी वर्ग को कांग्रेस ने ठगने का काम किया है। अभी छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में भाजपा की विष्णुदेव साय की डबल इंजन की सरकार है। इसलिए आप देख रहे हैं कि हमने प्रमुख वादों को अभी पूरा कर दिया। यही वजह है कि प्रधानमंत्री पर विश्वास न सिर्फ छत्तीसगढ़ में, बल्कि पूरे देश में है। इसमें मैं प्रदेश जनता को साधुवाद देता हूं कि जनता ने कांग्रेस-भाजपा के कामों का खुद मूल्यांकन किया , तुलना की और विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुना है। इसी तरह अगले लोकसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को चुनेगी।

– बस्तर में भाजपा के कई नेता मारे गए, टारगेट किलिंग हुई। अभी क्या हालात हैं?
अब इस क्षेत्र में क्रियान्वयन एजेंसियों के द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी की योजनाओं को हम बस्तर के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचा रहे हैं। मोदी की गारंटी पर गारंटी है। मोदी हैं तो मुमकिन है। हमारे सभी नेता जनसभा में पहुंच रहे हैं। यहां के कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह है। धीरे-धीरे हालात सुधर रहे हैं।

– आप ओजस्वी नेता माने जाते हैं, आपको भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी, कैसा महसूस कर रहे हैं?
ओजस्वी नेता वाली बात नहीं है, यहां दायित्वों का आना-जाना चलता है। मैं भाजपा का छोटा कार्यकर्ता हूं। यहां आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है। मुझे अध्यक्ष बनने का कोई भाव नहीं है, केवल कार्यकर्ता का भाव है। यहां जो दायित्व मिलता है तो उसका निर्वहन कर सकें। इसका आराध्य कुल देवी व छत्तीसगढ़ की महतारी से निवेदन हैं।

संघ और भाजपा संगठन के बीच समन्वय कैसा है, इसका लाभ किस तरह मिल रहा है?
भाजपा एक राजनीतिक पार्टी होने के नाते सभी क्षेत्रों में काम कर रही है। सभी अलग-अलग विचार वाले संगठन, हमारे संघ परिवार के साथ जो कि भी अलग-अलग विंग हैं वह परिवार के लोग हैं। निश्चित रूप से हम संयुक्त परिवार के साथ आगे बढ़ रहे रहे हैं। हमारे मोर्चे, प्रकोष्ठ और बूथ तक की ईकाई एक लक्ष्य को लेकर समन्वय के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में भी कोयला-शराब में वहीं सप्लायर काम कर रहे हैं, भ्रष्टाचार हो रहा है। भूपेश ने भ्रष्टाचार किया, जनता ने उनको रास्ता दिखा दिया। तीन महीने की विष्णुदेव साय सरकार स्वच्छ छवि की सरकार है। जनता के हित में उठाए गए कदमों को अगर ये दूसरे शब्दों से जोड़ेंगे तो वह स्वयं आकलन कर लें। भूपेश ने जो भ्रष्टाचार किया उसका हिसाब जनता ने कर दिया। परिणाम उनके सामने है।