Home छत्तीसगढ़ ये लड़ाई हमारी नहीं, भारतीय लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है :...

ये लड़ाई हमारी नहीं, भारतीय लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है : भूपेश बघेल

91
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

राजनांदगांव। पूर्व मुख्यमंत्री व राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने आज विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद स्टेट स्कूल मैदान में कांग्रेस की विशाल जनसभा आयोजित हुई। यहां मौजूद अपार जनसमूह ने अपने नेता और प्रत्याशी का जोरदार अभिवादन कर अपना उत्साह प्रदर्शित किया।
प्रवक्ता रूपेश दुबे ने बताया कि जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री व संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू, मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी, डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा, कांग्रेस नेता राजेश तिवारी, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू के संबोधन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आमजनों से कांग्रेस को जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि-लोकतंत्र में तानाशाह हो चुकी मोदी सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। उन्होंने आज पार्टी में प्रवेश करने वाले नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस का हाथ मजबूत करने की बात कही, जो संकट के समय साथ छोड़ रहे उन्हें कभी साथ नहीं लेने की बात कही। पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने भी कांग्रेसजनों के उत्साह की प्रशंसा की करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद किए जाने को लेकर विष्णुदेव साय सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि-इस सरकार को जनहितैषी योजनाएं रास नहीं आई और ये अब जनता को गर्त में धकेल रही है। पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने भी भाजपा सरकार की कार्यशैली और मोदी सरकार की तानाशाही का विरोध किया। उन्होंने कहा कि-कांग्रेस के नेताओं को जांच एजेंसियों के नाम पर डराया जा रहा है। जेल भेजने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने अपने ओजस्वी अंदाज में कहा कि-ये लड़ाई हमारी नही हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। जब सेवा करनी होती है तो कोई परिस्थिति आ जाए, कोई संकट आ जाए कोरोना में भी हमने जनता की सेवा की है, हम सभी साथी आपके सेवा में समर्पित रहते हैं। जिस दिन ये भाजपा सरकार आप पर अत्याचार करेगी, आपके साथ अन्याय करेगी, आदिवासियों को जेल भेजने का काम करेगी, फर्जी केस दायर करवाएगी तो ये भूपेश बघेल और उसके साथी आपकी लड़ाई लड़ेंगे, इस बात का मैं आपको विश्वास दिलाता हूं। उन्होंने कहा हमें देश को बचाना है, लोकतंत्र को बचाना है। आप कांग्रेस का साथ दीजिए, आशीर्वाद दीजिए। यही पार्टी है जिसने देश को आजाद कराया, संविधान दिया और प्रजातंत्र को मजबूत करने का काम किया है।
भूपेश बघेल ने भाजपा की मोदी की गारंटी को लेकर कहा कि-जब भाजपा चुनाव जीत गई और महिलाओं को पैसे देने की बारी आई तो उन्होंने तारीख पर तारीख देना शुरु कर दिया। आखिर में उन्होंने चार महीने बाद एक हजार रुपए थमा दिए। बाकी के तीन हजार रुपए की सरकार ने डंडी मार दी। सालभर में 12 हजार रुपए महिलाओं को नहीं मिलने वाले हैं। सरकार उन्हें केवल 9 हजार रुपए ही देगी।
श्री बघेल के चुटीले अंदाज के साथ भीड़ से समर्थन की आ रही आवाज से सुर मिलाते हुए उन्होंने कहा कि-रजिस्ट्री में तीस प्रतिशत बढ़ोतरी हो गई सांय-सांय, नौजवान सुन लें अब पीएससी की परीक्षा देना है तो फीस चुकाना होगा सांय-सांय, व्यापंम की परीक्षा दोगे फीस चुकाओगे सांय-सांय… स्वामी आत्मानंद स्कूल में जो बच्चे पढ़ते होंगे उनकी भी फीस पटानी होगी। पहले ये नि-शुल्क था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भाषण पर जमकर तालियां बजी और लोगों ने उनके पक्ष में आवाज बुलंद की। सभा में पूरे संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनता कार्यकर्ता उपस्थित थे। जनसभा के बाद विशाल जनसमूह के साथ कांग्रेस की रैली निकली। पूर्व मुख्यमंत्री की मौजूदगी में शहर के जयस्तंभ चौक, मानव मंदिर चौक, आजाद चौक, सिनेमा लाईन, फौव्वारा चौक होते हुए इस रैली का समापन मां शीतला मंदिर में हुआ। कांग्रेस के लहराते झंडे, जोरदार नारेबाजी के साथ सभी कांग्रेसजनों ने अपना पूरा जोश दिखाया। सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी विंग्स के पदाधिकारी, कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे। शहर के नागरिकों ने आगे आकर पूर्व मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।