Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ के ‘डैम मैन’ लिंगाराम ने अकेले बना दिया...

छत्तीसगढ़ के ‘डैम मैन’ लिंगाराम ने अकेले बना दिया बांध

479
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ के डैम मैन यानी दंतेवाड़ा जिले के ग्राम गदापाल निवासी किसान लिंगाराम मंडावी साधारण से दिखने वाले इस शख्स ने असाधारण काम किया है। करीब पांच साल तक अकेले श्रमदान करके गांव में बांध बना दिया। आज इस बांध में पहाड़ी नाले का इतना पानी रुकता है कि गदापाल को जलसंकट से मुक्ति मिल गई है।लिंगाराम गदापाल के पूर्व सरपंच हैं। वो बताते हैं कि गांव में एक छोटा-सा तालाब है, जिसे उनके दादा टोंडाराम ने खुदवाया था। गर्मी में यह सूख जाता था। गांव में छह हैंडपंप हैं। वो भी जवाब दे देते थे। पीने का पानी तो दूर, निस्तारी के लिए भी पानी मिलना मुश्किल हो जाता था। इस बात को लेकर वे हमेशा परेशान रहते थे। गांव के करीब ही एक पहाड़ी नाला बहता है। गर्मी में यह भी सूख जाता है। ऐसे में एकाएक विचार आया कि यदि इस पहाड़ी नाले के पानी को किसी तरह रोक दिया जाए तो पानी की समस्या से मुक्ति मिल सकती है। बस फिर क्या था। दूसरे ही दिन कुदाल और फावड़ा लेकर बांध बनाने में जुट गए। अब इस बांध में काफी पानी इकठ्ठा होता है। इसका असर अन्य जलस्रोतों पर भी पड़ रहा है। कुएं, तालाब, हैंडपंप सभी अब पहले की तरह सूखते नहीं। लोग अब उनकी मिसाल देते हैं। इस बांध से गदापाल-गढ़मिरी पंचायत के करीब 600 परिवारों को लाभ मिल रहा है। सिंचाई पानी भी उपलब्ध हो रहा है। मवेशियों के लिए भी बड़ी सुविधा हो गई है। गदापाल के पटेलपारा और टीचरपारा सहित गढ़मिरी पंचायत के हंदोड़ीपारा के लोगों को भी इससे काफी राहत मिली है।