Home छत्तीसगढ़ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण

78
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान आज विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विधायक कार्यालय में क्षेत्र के विभिन्न लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं और मांगों को सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधितों को दिए। श्री शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता है और उनका प्रयास है कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बोड़ला में 48 लाख 42 हजार की लागत से निर्मित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के लिए 6 अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाएगा। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम खरहट्टा में 11 लाख 48 हजार रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए भवन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने बेहतर शैक्षणिक प्रबंधन के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम खरहट्टा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश की बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश और पुस्तकों का वितरण भी किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बोड़ला और खरहट्टा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और लोगों को पौधरोपण एवं उसकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया।