Home छत्तीसगढ़ खादी और ग्रामोद्योग को मिलेगा नया आयाम

खादी और ग्रामोद्योग को मिलेगा नया आयाम

59
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय ने 21 अप्रैल को कंकाली पारा स्थित गांधी भवन में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।

बैठक में श्री पांडेय ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग को जन-जन तक पहुँचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खादी वस्त्रों का प्रचार-प्रसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तेजी से किया जाए ताकि लोगों में खादी के प्रति आकर्षण बढ़े और वे अपनी पुरानी संस्कृति से फिर से जुड़ सकें।

श्री पांडेय ने कहा कि खादी का नाम लेते ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्मरण होता है। गांधीजी ने खादी को अपनाकर और चरखा चलाकर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया था। यह भाव आज भी प्रासंगिक है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान से मेल खाता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) और मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (CMEGP) के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सभी वर्गों को लाभ मिल सकेगा।

डिजिटलीकरण और नवाचार पर जोर देते हुए श्री पांडेय ने खादी बोर्ड की वेबसाइट को और अधिक आकर्षक और उपयोगी बनाने के भी निर्देश  दिए।  उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्य के प्रति संवेदनशील और अनुशासित बने रहने की बात कही, जिससे निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि खादी बोर्ड का भवन ऐतिहासिक महत्व रखता है, जहाँ महात्मा गांधी दो बार पधारे थे। इस पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखते हुए, गांधीजी के खादी और ग्रामोद्योग के सपनों को साकार करने के लिए हम एक परिवार की तरह मिलकर कार्य करेंगे।