Home छत्तीसगढ़ प्रभारी मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित डीएमएफ के...

प्रभारी मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित डीएमएफ के शासी परिषद की बैठक में वार्षिक कार्य योजना का अनुमोदन

39
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार आयोजित जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के शासी परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित कार्यों और वार्षिक कार्य योजना का अनुमोदन किया गया। शासी परिषद की पदेन अध्यक्ष सह कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने डीएमएफ के तहत जिले को 2020-21 से 2025-26 तक प्राप्त आबंटन, स्वीकृत एवं व्यय राशि की जानकारी दी। उन्होने बताया कि जिले को अब तक प्राप्त कुल राशि 129 करोड़ 78 लाख रूपए है। कुल राशि में से स्वीकृत राशि 103 करोड़ 55 लाख रूपए है। पूर्व में अनुमोदित राशि 5 करोड़ 99 लाख तथा कुल बचत शेष राशि 20 करोड़ 24 लाख रूपए है। अब तक स्वीकृत 1480 कार्यों में से 1343 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। प्रगतिरत कार्यों की संख्या 108 है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता नहीं होने पर कई कार्यों को निरस्त किया गया है।

कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित शासी परिषद की बैठक में जानकारी दी गयी कि उच्च प्राथमिकता के तहत पेयजल के लिए 2 करोड, स्वास्थ्य देखभाल के लिए 6 करोड़, शिक्षा के लिए 6 करोड, महिला एवं बाल कल्याण के लिए 2 करोड़, कृषि के लिए 5 करोड़, स्वच्छता के लिए 2 करोड़, सतत जीविकोपार्जन के लिए 2 करोड़, कौशल विकास एवं जनकल्याण के लिए एक-एक करोड़ और पर्यावरण संरक्षण एवं निःशक्तजन कल्याण के लिए 50-50 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है।

इसी तरह अन्य प्राथमिकता के तहत भौतिक अधोसंरचना के लिए 6 करोड़ 50 लाख, उर्जा एवं जल विभाजक विकास कार्य के लिए 3 करोड़, युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 1 करोड़ और सिंचाई, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण एवं स्थापना व्यय के लिए 50-50 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। बैठक में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद गौरेला मुकेश दुबे, एसपी एस आर भगत, डीएफओ ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित परिषद के सदस्य एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।