Home छत्तीसगढ़ “घर से घर तक” – बार एवं रॉड मिल द्वारा अनूठी सुरक्षा...

“घर से घर तक” – बार एवं रॉड मिल द्वारा अनूठी सुरक्षा पहल

54
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) विभाग द्वारा संविदा श्रमिकों एवं उनके परिवारों को कार्यस्थल सुरक्षा यात्रा से जोड़ने के उद्देश्य से “घर से घर तक” नामक अनूठी सुरक्षा संवाद श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 अगस्त, 2025 को एचआरडीसी (एल एंड डी) भूतल सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बीआरएम के लगभग 100 ठेका श्रमिक अपने परिजनों सहित शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विभागाध्यक्ष मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री रहे।

उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने विभाग में पाई जाने वाली सामान्य लापरवाहियों जैसे पीपीई का उपयोग न करना, मोबाइल का प्रयोग करना, असुरक्षित क्रेन संचालन आदि की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाहियों से हुई दुर्घटनाओं को मिलकर रोकना होगा। उन्होंने यह विश्वास व्यक्त किया कि यदि हम सभी एकजुट होकर प्रयास करें तो ‘शून्य दुर्घटना’ का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री सच्चिदानंद त्रिपाठी, महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री शाश्वत मोहंती एवं महाप्रबंधक (प्रचालन) श्री समीर पाण्डेय, महाप्रबंधक (विद्युत) श्री आशीष तथा महाप्रबंधक (यांत्रिकी) श्री शिखर तिवारी ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने संयंत्र, घर तथा आवागमन के दौरान सुरक्षा अपनाने के महत्व पर बल दिया।

सहायक प्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री शशांक शर्मा ने एक रोचक सुरक्षा प्रश्नोत्तरी का संचालन किया, जिसमें बच्चों और गृहिणियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करवाई गई और उनसे बचाव के उपाय समझाए गए। प्रश्नोत्तरी में विजेता रही महिलाओं – श्रीमती ज्योति मिश्रा, श्रीमती रेणु, श्रीमती किरण, श्रीमती शीबा एवं श्रीमती अलीमा बेगम तथा बच्चों – ईशान, धैर्य, पल्लवी और आयन को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक श्री सुनील कुमार सोनी ने किया। उन्होंने कार्यपालक निदेशक (संकार्य), एचआरडीसी (एल एंड डी) तथा कैंटीन सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रात्रिभोज के साथ हुआ।