Home छत्तीसगढ़ मदकू द्वीप क्षेत्र के विकास के शिल्पी शांताराम को दी गई श्रद्धांजलि

मदकू द्वीप क्षेत्र के विकास के शिल्पी शांताराम को दी गई श्रद्धांजलि

39
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

मदकू द्वीप क्षेत्र के विकास के शिल्पी और छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक स्वर्गीय श्री शांताराम को केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित अनेक मंत्रीगणों एवं जनप्रतिनिधियों ने मदकू द्वीप पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में शामिल हुए। शांताराम जी का निधन न केवल श्री मदकू द्वीप बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी स्मृतियाँ और आदर्श, भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, छ.ग. वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व विधायक श्री गौरी शंकर अग्रवाल, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, प्रांतीय संघ संचालक श्री टोपलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक 94 वर्षीय स्वर्गीय श्री शांताराम भारतीय स्टेट बैंक में प्रबंधक के पद को त्याग कर हिंदू समाज के उत्थान हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने। संघ में रहते हुए उन्होंने जिला, विभाग, प्रांत प्रचारक और क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 1990 में उन्होंने श्री हरिहर क्षेत्र मदकू द्वीप को विकसित करने का मिशन अपने हाथ में लिया। उनके अथक प्रयासों से मदकू द्वीप धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से पुनर्जीवित हुआ तथा श्रद्धालुओं और शोधकर्ताओं का प्रमुख केंद्र बना।

उन्होंने बैतलपुर की कुष्ठ बस्ती चंदरपुर में शिव मंदिर निर्माण, चिकित्सा सेवाएँ और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ नवागढ़ के शमी गणेश मंदिर के पुनर्निर्माण में भी योगदान दिया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार आज प्रातः 08 से 10 बजे तक उनका पार्थिव शरीर रायपुर स्थित जागृति मंडल में अंतिम दर्शन हेतु रखा गया। तत्पश्चात मध्याह्न 01 बजे श्री हरिहर क्षेत्र मदकू में उनका अंतिम संस्कार किया गया।