Home छत्तीसगढ़ भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा विक्रेता मिलन समारोह का...

भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा विक्रेता मिलन समारोह का आयोजन

58
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सतर्कता जागरूकता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र के सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा सतर्कता विभाग के सहयोग से विक्रेताओं के लिए एक संवादात्मक मिलन समारोह का आयोजन 14 अक्टूबर 2025 को इस्पात भवन में किया गया। यह आयोजन पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक व्यावसायिक व्यवहार को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रतिभागियों द्वारा सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण से हुई, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और विक्रेताओं ने अपने सभी लेन-देन में निष्पक्षता और नैतिकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता)एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सामग्री प्रबंधन विभाग की ओर से मुख्य महाप्रबंधक श्री के. सी. मिश्रा, मुख्य महाप्रबंधक श्री ए. के. मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वहीं सतर्कता विभाग की ओर से महाप्रबंधक श्री संदीप गुप्ता, सहायक महाप्रबंधक श्री हिमांशु दवे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इसके साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय विक्रेताओं ने भी समारोह में भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल ने भिलाई इस्पात संयंत्र में नैतिक प्रशासन को सुदृढ़ करने हेतु सतर्कता विभाग द्वारा अपनाई गई नई पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं को भी अब सतर्कता जागरूकता गतिविधियों में सम्मिलित किया जा रहा है, जिससे सभी हितधारकों में पारदर्शिता और नैतिक आचरण के प्रति सजगता बढ़ेगी। श्री सिंघल ने यह भी उल्लेख किया कि संगठन की ईमानदारी और नीतिपरक कार्यसंस्कृति को बनाए रखने में विक्रेता समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सामग्री प्रबंधन विभाग की टीम द्वारा “पारदर्शिता और नैतिक व्यवहार” विषय पर एक प्रस्तुति दी गई, जिसमें विक्रेता प्रबंधन में सतर्कता दृष्टिकोण, निविदा एवं आपूर्ति प्रक्रियाओं में दस्तावेज़ों की सत्यता सुनिश्चित करने की आवश्यकता तथा भिलाई इस्पात संयंत्र में आईएस/आईएसओ 37001:2016 प्रमाणित रिश्वत-रोधी प्रबंधन प्रणाली (एबीएमएस) के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक श्रीमती यामिनी ताम्रकार ने किया व धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक श्री सुकांत प्रधान ने दिया।