Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश...

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय के मुख्य आतिथ्य में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन

37
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज सर्वांगीण प्रगति की दिशा में तेजी से अग्रसर है। पिछले 25 वर्षों में आम जनजीवन में व्यापक परिवर्तन आया है, अब छत्तीसगढ़ की पहचान देश के विकसित राज्यों में की जाती है।

श्री पांडेय ने कहा कि यह वर्ष हम सबके लिए विशेष महत्व का है, क्योंकि हम छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती मना रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर प्रदेशवासियों का सपना साकार किया था। राज्य सरकार इस वर्ष को ‘अटल निर्माण वर्ष‘ के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप हमें विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर मिलकर कार्य करना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य ने ‘अंजोर विजन डॉक्युमेंट 2047‘ तैयार किया है, जो आने वाले वर्षों में विकास का मार्गदर्शक बनेगा।

मुख्य अतिथि ने राज्य के निर्माण में योगदान देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते वर्षों में आवास, कृषि, धान खरीदी, महतारी वंदन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। श्री पांडेय ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर राजगीत के साथ कार्यक्रम का आरंभ किया।

कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और गौरव का प्रतीक है। जिले के गठन के बाद से यहां के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, फूड स्टॉल और सांस्कृतिक मंच की व्यवस्था की गई है, ताकि नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी के साथ मनोरंजन का भी अवसर मिल सके।

प्रथम दिवस में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों के साथ छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुति दी। ‘छत्तीसगढ़ महतारी‘ और ‘हमर छत्तीसगढ़‘ जैसे लोकनृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र बने। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।

जिला स्तरीय राज्योत्सव में प्रतिभाओं ने बिखेरा रंग’

नवीन शासकीय महाविद्यालय, जालबंधा द्वारा लोकनृत्य और हमर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई। वीरांगना अवंतीबाई शासकीय महाविद्यालय, छुईखदान द्वारा समूह नृत्य और कर्म नृत्य प्रस्तुत किए गए। रानी रश्मि सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ द्वारा “बरसाती रिमिक्स” नृत्य और शासकीय पॉलिटेक्निक खैरागढ़ द्वारा पंथी, कर्मा, दरदरिया जैसे सामूहिक नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य और भरतनाट्यम प्रस्तुति के माध्यम से राज्यगीत को साकार रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

विभागीय प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव समारोह स्थल पर शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, वन एवं जलवायु परिवर्तन, आदिवासी विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, क्रेडा, विद्युत वितरण, जल संसाधन, लोक निर्माण, जनसंपर्क तथा पुलिस विभाग सहित अनेक विभागों ने अपनी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई। इन स्टॉलों पर नागरिकों ने शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।