Home छत्तीसगढ़ आसमान की ऊँचाइयों में कैरियर बनाने का सपना अब हो रहा है...

आसमान की ऊँचाइयों में कैरियर बनाने का सपना अब हो रहा है साकार

33
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन के कैडेट्स जगदलपुर में उड़ान का प्रशिक्षण कर रहे हैं प्राप्त

रायपुर,

युवाओं का आसमान में उड़ान भरने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर जिले के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में यहां के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में अगले चरण का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के पांच कैडेट्स आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके कोच कमलेश विश्वकर्मा है।

विभिन्न उड़ान कोर्सों का दिया जा रहा है प्रशिक्षण

पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चयनित किया गया है। आगामी चरण अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित हैं। यह सभी आयोजन रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किए जा रहे हैं।  प्रशिक्षण सिंगल इंजन ट्वीन सीटर वायरस एसडब्ल्यू 80 विमान से विभिन्न उड़ान कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरना कैडेट्स के लिए न केवल हवाई प्रशिक्षण का पहला अवसर है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित वातावरण में उनके निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है।

कैडेट्स राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने दे रहे हैं संदेश

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का सतत सहयोग मिल रहा है। साथ ही कैडेट्स को एनसीसी के मूलमंत्र एकता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए राज्य के भविष्य, विकास और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जेएनवी के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की थी शुरुआत

मुख्यमंत्री ने विगत दिवस पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय  के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 मेधावी विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी। इनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने एनसीसी दिवस समारोह के दौरान इच्छा व्यक्त की थी कि छत्तीसगढ़ में केवल रायपुर में ही एयर एनसीसी और उड़ान का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई पट्टियों की सुविधा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री की इस पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई और एक माइक्रोलाइट विमान को प्रशिक्षण हेतु जशपुर भेजा गया। इस दौरान लगभग 100 कैडेट्स को उड़ान का वास्तविक अनुभव प्रदान किया।