Home खेल नारायणपुर में 19वें सेल खेल मेले का भव्य आयोजन; 38 स्कूलों के 1500 विद्यार्थी विभिन्न स्पर्धाओं...

नारायणपुर में 19वें सेल खेल मेले का भव्य आयोजन; 38 स्कूलों के 1500 विद्यार्थी विभिन्न स्पर्धाओं में दिखा रहे दमखम

53
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र एवं रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 19वाँ सेल खेल मेला 18 से 21 नवंबर 2025 तक रामकृष्ण मिशन परिसर, नारायणपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रारम्भ हुआ। यह वार्षिक आयोजन आदिवासी अंचलों में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। जिले एवं आसपास के 38 स्कूलों से लगभग 1500 छात्र–छात्राओं ने इस कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज की है।

18 नवंबर 2025 को रामकृष्ण मिशन आश्रम के खेल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (आई.ओ.सी. राजहरा) श्री आर.बी. गहरवार ने प्रातः 10 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर खेल मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर स्वामी श्री व्याप्तानंद ने की, जबकि मुख्य महाप्रबंधक (रावघाट माइंस) अनुपम बिष्ट, ओलंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी उप महाप्रबंधक (क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ) श्री राजेंद्र प्रसाद, पार्षद सुश्री रमशीला नाग तथा नगर के अन्य गणमान्य व्यक्ति अतिथि विशिष्ट के रूप में उपस्थित रहे। प्रारंभ में आयोजित आकर्षक मार्च-पास्ट, खिलाड़ियों द्वारा शपथ ग्रहण तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेले के आयोजनों का सूत्रपात किया।

खेल मेला के पहले दिन ही 1500 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) की प्रतियोगिता सम्पन्न हुई, जिसमें प्रथम स्थान पर नर सिंह दुग्गा (रा.कृ.मि.वि.वि. नारायणपुर), द्वितीय स्थान पर लक्ष्मण (शा.उ.मा.वि. ओरछा) तथा तृतीय स्थान पर रमेश उसेंडी (रा.कृ.मि.वि.वि. नारायणपुर) रहे। विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया तथा आयोजन समिति ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और प्रदर्शन की सराहना की।

20 नवंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं निगमित सामजिक उत्तरदायित्व) श्री शिवराजन नायर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन में अनुशासन, दृढ़ता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। इस दिन खो-खो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट आदि स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले आयोजित हुए, जिनमें प्रतिभागियों ने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया। श्रेष्ठ खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि श्री शिवराजन नायर द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप प्रबंधक, निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग श्री के.के. वर्मा, उप महाप्रबंधक (रावघाट माइंस) श्री सचिन रंगारी तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बीएसपी क्रीड़ा विभाग एवं रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सहयोगियों की सक्रिय भूमिका ने पूरे आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मेले में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो तीरंदाजी, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट सहित विभिन्न खेलों में  प्रतियोगिताएँ 21 नवंबर तक जारी रहेंगी, जबकि 21 नवंबर को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह तथा 22 नवंबर को औपचारिक समापन निर्धारित है।