Home छत्तीसगढ़ हिराडबरी में आयोजित पशु मेले में विभिन्न प्रजातियों के पशु बने आकर्षण...

हिराडबरी में आयोजित पशु मेले में विभिन्न प्रजातियों के पशु बने आकर्षण का केन्द्र

34
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर, 12 दिसम्बर 2025

सूरजपुर जिले के ग्राम हिराडबरी में 11 दिसंबर को आयोजित पशु मेला सह प्रदर्शनी प्रतियोगिता एवं पशु स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रजातियों के गौवंश, भैंसवंश एवं बकरी प्रजाति के पशुओं का प्रदर्शन किया गया, जिसने पशुपालकों और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

मेले में प्रदर्शित गौवंशीय नस्लों में हॉलीस्टीयन फ्रीजियन, जर्सी, साहीवाल, गिर, भैंसवंशीय में मुर्रा, तथा बकरी प्रजाति में सिरोही एवं जमुनापारी नस्लें प्रमुख रूप से शामिल रहीं। पशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता में ग्राम हिराडबरी के श्री झम्मन सिंह की हॉलीस्ट्रियन फ्रीजियन गाय प्रथम स्थान पर रही, जो पूरे मेले में आकर्षण का केंद्र बनी रही। वहीं बकरी वर्ग में ग्राम लटोरी से प्रदर्शित सिरोही नस्ल की बकरी, जिसका वजन 40-45 किलोग्राम था, अपने वर्ग में प्रथम रही।

कार्यक्रम में पशुपालकों को नस्ल संवर्धन, सेक्स शॉर्टेड सीमेन (जिसमें 90 प्रतिशत बछिया होने की संभावना रहती है) के उपयोग के लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं के लिए पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने हेतु पैरा-यूरिया उपचार, अजोला उत्पादन तथा ग्रीष्म ऋतु में हरे चारे के विकल्प के रूप में साइलैज के महत्व पर भी विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। बताया गया कि साइलैज में 80-90 प्रतिशत तक हरे चारे के समान पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं, जिससे पशुओं के दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी होती है। इसके अतिरिक्त पशुधन स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण, टीकाकरण, केसीसी तथा शीत ऋतु प्रबंधन से संबंधित विषयों पर विभागीय अमले द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। मेले में आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को श्रेणीवार पुरस्कृत किया गया। पशु मेले के माध्यम से पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, पोषण प्रबंधन एवं स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिससे उन्हें पशुधन संवर्धन एवं आय वृद्धि में सहायता मिलेगी।