Home छत्तीसगढ़ संयंत्र के एसएमएस–3 की नई पहल; संविदा श्रमिकों के लिए परिवार-सहित सुरक्षा...

संयंत्र के एसएमएस–3 की नई पहल; संविदा श्रमिकों के लिए परिवार-सहित सुरक्षा पुरस्कार समारोह आयोजित

51
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस–3 द्वारा विगत दिनों में सेक्टर–8 स्थित स्टील क्लब, मंगल कानन मैदान में सुरक्षा पुरस्कार वितरण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री डी. सतपथी, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) श्री प्रमोद कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री त्रिभुवन बैठा तथा महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस. के. अग्रवाल सहित एसएमएस–3 विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस बार पुरस्कार समारोह में सम्मानित संविदा श्रमिकों के परिवारजनों को भी सहभागी बनाया गया तथा कार्यक्रम का आयोजन संयंत्र परिसर के बाहर किया गया, जिससे सुरक्षा के महत्व को परिवार और समाज तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जा सके। खुले एवं सहज वातावरण में संपन्न इस कार्यक्रम में एसएमएस–3 के कुल 112 संविदा श्रमिकों को उनके उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सुरक्षा प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। परिवारजनों की उपस्थिति ने इस अवसर को विशेष बना दिया, जिससे उन्हें अपने परिजनों द्वारा संयंत्र में निभाई जा रही जिम्मेदारियों, कार्यस्थल से जुड़े जोखिमों तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार के महत्व को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

अपने संबोधन में अतिथिगणों ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि सुरक्षा केवल कार्यस्थल की आवश्यकता नहीं, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज के प्रति एक साझा उत्तरदायित्व है। उन्होंने शून्य दुर्घटना के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु अनुशासन, सुरक्षा नियमों के कठोर अनुपालन तथा निरंतर सतर्कता को अनिवार्य बताया।

उल्लेखनीय है कि संयंत्र प्रबंधन द्वारा वर्ष 2022 से प्रारंभ की गई व्यवस्थित सुरक्षा सम्मान योजना के माध्यम से सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा संविदा श्रमिकों के योगदान को सम्मानित कर संगठन में सुरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उक्त योजना के अंतर्गत सुरक्षा पुरस्कारों को “सुरक्षा सर्वोत्तम”, “सुरक्षा अनमोल” एवं “सुरक्षा दक्ष”—तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनका वितरण अर्धवार्षिक आधार पर किया जाता है, ताकि संविदा श्रमिकों में सुरक्षित कार्य के प्रति सतत प्रेरणा बनी रहे।

इस अवसर पर परिवारजनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि परिवार की भागीदारी से उन्हें अपने परिजनों के कार्य के प्रति और अधिक सम्मान एवं गर्व की अनुभूति हुई है तथा सुरक्षा के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव और भी सुदृढ़ हुआ है। इस वर्ष एसएमएस–3 द्वारा परिवार-सहित सुरक्षा पुरस्कार समारोह का यह प्रथम आयोजन था।