Home क्राइम ड्रंक एंड ड्राइव के एक ही रात में 42 नशे में वाहन...

ड्रंक एंड ड्राइव के एक ही रात में 42 नशे में वाहन चालकों पर वैधानिक कार्यवाही

41
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे की अवस्था में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 26 जुलाई 2026 (रविवार) की रात्रि सहायक पुलिस आयुक्त श्री सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से की गई जांच के दौरान 20 कार, 07 पिकअप, 04 दोपहिया, 10 ट्रक एवं 01 ऑटो मैजिक सहित कुल 42 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार तत्काल वैधानिक कार्यवाही की गई।

यातायात पुलिस द्वारा वर्षभर निरंतर चलाए जा रहे ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक कुल 3753 वाहन चालकों के विरुद्ध नशे की हालत में वाहन चलाने पर कार्यवाही की जा चुकी है। यह अभियान केवल चालानी कार्यवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरूकता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। नशे की अवस्था में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय तथा वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए ऐसे मामलों में लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही कर रही है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। आवश्यकता होने पर सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी अथवा परिवार के अन्य सदस्य की सहायता लें। प्रत्येक नागरिक का जिम्मेदार व्यवहार न केवल उसके स्वयं के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की रक्षा भी करता है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी।