Home रायपुर डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना 2027, अधिकारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना 2027, अधिकारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

19
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों से आंकड़ों के संग्रहण तथा कार्य की सटीकता सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य एवं नागरिक पंजीकरण के निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जनगणना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले दो दिवस ग्रामीण चार्ज अधिकारियों (रूरल चार्ज ऑफिसर) तथा शेष दो दिवस शहरी चार्ज अधिकारियों (अर्बन चार्ज ऑफिसर) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य जनसंख्या गणना के कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है।

जनगणना 2027 कई मायनों में विशेष और महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भारत की पहली जनगणना होगी, जिसमें आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों एवं माध्यमों से किया जाएगा। इस प्रक्रिया में प्रगणक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से अपने स्मार्टफोन पर परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे। इसके अतिरिक्त आमजन को भी स्मार्ट फोन / वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा।

स्व-गणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों की सटीकता और पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा उनका सत्यापन किया जाएगा। इससे जनगणना प्रक्रिया में आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

जनगणना के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा देश के सभी व्यक्तियों से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं के साथ-साथ प्रवासन एवं प्रजनन संबंधी विशेषताओं के आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य में विभिन्न विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।

प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, आंकड़ों की शुद्धता तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। इसका उद्देश्य जिले में जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है।

जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयार किया जा रहा है।