Home छत्तीसगढ़ डोंगरगढ़ विधायक की घोषणाएं अधूरी, भूमिपूजन के बाद भी निर्माण नहीं :...

डोंगरगढ़ विधायक की घोषणाएं अधूरी, भूमिपूजन के बाद भी निर्माण नहीं : प्रतिक्षा भंडारी

105
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

राजनांदगांव। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिक्षा सूर्यकांत भंडारी ने डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल को घोषणावीर करार देते हुए निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि-प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ही तरह विधायक बघेल भी क्षेत्र की जनता को छल रहे हैं, उनकी वर्षों पुरानी घोषणाएं अब तक अधूरी है। यही नहीं कुछ विकास कार्यों को तो वे भूमिपूजन भी कर चुके हैं, जिनका काम आज तक शुरु नहीं हुआ है।
जारी बयान में जपं अध्यक्ष श्रीमती भंडारी ने बताया कि-डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पटेवा की जनता विधायक की घोषणाओं को तलाश रही है। वे खुद तो क्षेत्र में दिखते नहीं और न ही उनके कार्य ही नजर आते हैं। उन्होंने बताया कि विधायक बनने के बाद से वे क्षेत्र से लापता हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राम पटेवा में विधायक भुनेश्वर बघेल ने कई घोषणाएं की थी इनमें साहू समाज के लिए 10.60 हजार की घोषणा, व्यवसायिक परिसर 10 लाख, धनकर समाज भवन 6.50 लाख, मंच निर्माण 2 लाख, बिजली सब स्टेशन से मुख्य सड़क तक सीसी रोड का निर्माण शामिल है। इन विकास कार्यों का घोषणा किए जाने के बाद से कोई अता पता नहीं है। यह घोषणाएं काफी पुरानी है। इन घोषणाओं को लेकर क्षेत्र की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
ग्राम पटेवा में ही मुख्य सड़क से हाई स्कूल तक सड़क निर्माण का भूमिपूजन स्वयं विधायक भुनेश्वर बघेल ने ही किया था। लंबा वक्त गुजरने के बाद भी भूमिपूजन के बाद यहां निर्माण के नाम पर ढेला तक नहीं डाला गया है। श्रीमती भंडारी ने कहा कि-स्पष्ट है कि विधायक भुनेश्वर बघेल अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं और न ही उन्हें क्षेत्र के लोगों की जरुरतों का कोई ख्याल है।
श्रीमती भंडारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि-डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक भुनेश्वर महज रबर स्टांप साबित हो रहे हैं। उनकी वर्षों पुरानी घोषणाओं का अब तक अधूरा होना उनकी निष्कि्रयता और उदासीनता साबित करने के लिए काफी है। तय है कि, आने वाले चुनाव में क्षेत्र की जनता इस अपमान के लिए कांग्रेस को जरुर सबक सिखाएगी।