Home छत्तीसगढ़ प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा का अधिकार

प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा का अधिकार

80
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

कांकेर

जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन आज अंतागढ़ के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग उपस्थित थे। इस दौरान नौनिहाल बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाकर उन्हें निःशुल्क पुस्तक, गणवेश और साइकल वितरित की गई। साथ ही जिले के विभिन्न स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं में शत प्रतिशत परिणाम लाने के लिए सांसद एवं कलेक्टर के द्वारा संस्था के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से सांसद श्री नाग ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा का अधिकार है और शिक्षित होना बहुत जरूरी है। एक शिक्षित व्यक्ति ही अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होता है और केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का समुचित लाभ ले सकता है।

विकासखंड मुख्यालय अंतागढ़ के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने आगे कहा कि गुरू-शिष्य परंपरा भारत की प्राचीन और उत्कृष्ट शिक्षा पद्धति रही है, जिसे फिर से स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नैतिकता, संस्कार, मानवता और अध्यात्म से ही सकारात्मक सोच विकसित हो सकती है। सांसद ने सभी विद्यार्थियों को शाला प्रवेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर ने जिला प्रशासन की ओर से संदेश का वाचन करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे, इसके लिए जिले में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी बाहुल्य कांकेर जिले में 05 एकलव्य आवासीय विद्यालय और एक प्रयास विद्यालय सहित अनेक स्कूल, आश्रम, छात्रावास हैं जिनके जरिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ साथ अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्टता हेतु तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा प्रतियोगी व व्यावसायिक परीक्षाओं के लिए भी उन्हें सतत मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसके पहले नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राधेलाल नाग ने भी अपने विचार प्रकट किए।

कार्यक्रम में सांसद श्री नाग व अन्य मंचस्थ अतिथियों के द्वारा 06 दिव्यांग छात्राओं को चश्मा, ब्रेल किट और दिव्यांगता प्रमाण पत्र दिया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा मंल शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम वाले 129 विद्यालयों के प्राचार्यों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इसके अलावा 19 छात्राओं को सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत निःशुल्क सायकल प्रदाय की गई।

कार्यक्रम के अंत में सांसद ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अंतागढ़ के नवीन भवन का लोकार्पण किया। सांसद श्री नाग और कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया और सभी अतिथियों एवं छात्राओं के साथ सामूहिक न्योता भोज भी किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बद्रीनाथ गावड़े, उपाध्यक्ष श्री भवन लाल जैन, श्री अमल सिंह नरवास, ए.डी.एम. श्री बी. एस. उइके, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।