Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार: संभागायुक्त और कलेक्टर ने किया नगरीय निकाय व ग्रामीण क्षेत्रों...

सुशासन तिहार: संभागायुक्त और कलेक्टर ने किया नगरीय निकाय व ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण

51
0
SAVE_20260918_191029
SAVE_20260918_191016
SAVE_20260918_191024
SAVE_20260925_190202
SAVE_20260925_190208

रायपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं को पारदर्शी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने एवं पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 11 अप्रैल तक सभी नगरीय निकाय कार्यालयों और ग्राम पंचायत भवनों में समाधान पेटी स्थापित की गई है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन डाल सकते हैं। सुशासन तिहार के प्रथम चरण के पहले दिन संभागायुक्त बिलासपुर श्री महादेव कावरे, कलेक्टर श्री राहुल देव एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने जिले के नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया।

संभागायुक्त ने नगरपालिका मुंगेली और विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम पंचायत गीधा में समाधान पेटियों में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली एवं विभागवार पृथक कर निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम गीधा में पीएम आवास योजना के अंतर्गत कई आवेदन प्राप्त हुए, जिस पर संभागायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि सर्वे का कार्य जारी है और सभी पात्रजनों को योजना का लाभ दिया जाएगा। संभागायुक्त श्री कावरे ने आमजनों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को आवेदन करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सुशासन तिहार को सफल बनाने हेतु समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम दशरंगपुर में पंचायत सचिव को हटाने के दिए निर्देश

सुशासन तिहार के तहत कलेक्टर ने ग्राम धरमपुरा एवं दशरंगपुर पंचायत भवन पहुंचकर स्वयं ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए। ग्राम धरमपुरा में शिवराज यादव की आवास की मांग पर कलेक्टर ने तत्काल मौका निरीक्षण करने और पात्रतानुसार सर्वे सूची में नाम जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत सचिव के विरुद्ध लापरवाही की शिकायत पर कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए दशरंगपुर ग्राम पंचायत के सचिव को हटाने के निर्देश दिए। पहले ही दिन नागरिकों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों ने शासन की इस पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा।